Nicholas Pooran vs Sunil Narine: IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स को रोमांचक मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. केकेआर ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स को आसानी से हरा दिया. दरअसल, LSG ने सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 1 रन बनाए. केकेआर की ओर से सुपर ओवर डाल रहे सुनील नरेन ने पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन को क्लीन बोल्ड कर दिया. इसके बाद तीसरी गेंद पर एडन मार्करम को पवेलियन भेज दिया. इसके चलते लखनऊ सुपर ओवर में सिर्फ 1 ही रन बना पाई. इससे केकेआर के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम को मैच जिता दिया.
इस हार को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स की रणनीति पर सवाल खड़े हो रहे हैं. फैंस इस बात से सबसे ज्यादा हैरान हैं कि LSG ने निकोलस पूरन को सुनील नरेन (Sunil Narine) के सामने सुपर ओवर खेलने के लिए क्यों भेजा? दरअसल, हर किसी को पता था कि सुनील नरेन ही केकेआर की ओर से सुपर ओवर डालने वाले हैं. सुनील नरेन एक बार निकोलस पूरन के सामने सुपर ओवर मेडन डाल चुके हैं. ऐसे में नरेन के सामने पूरन को भेजने पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
सुनील नरेन ने पूरन को डाला था मेडन सुपर ओवर
12 साल पहले कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) और सुनील नरेन का सुपर ओवर में आमना सामना हुआ था. गुयाना अमेजन वॉरियर्स और रेड स्टील के बीच सुपर ओवर खेला गया था. गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने सुपर ओवर में 11 रन बनाए थे. इसके जवाब में रेड स्टील की ओर से निकोलस पूरन बल्लेबाजी करने आए, जिनके सामने सुनील नरेन गेंदबाजी कर रहे थे. सुनील नरेन ने निकोलस पूरन को लगातार 4 डॉट गेंद डालीं. इसके बाद 5वीं गेंद पर पूरन ने बड़ा शॉट खेला और लॉन्ग ऑफ पर आउट हो गए. इसके बाद आखिरी गेंद पर रॉस टेलर भी कोई रन बना पाए. सुनील नरेन ने सुपर ओवर में बिना कोई रन दिए 1 विकेट हासिल किया. देखें पूरन बनाम सुनील का वीडियो…
Last time Narine bowled a super over against pooran pic.twitter.com/Y5e3cQ6YCL
— Pushkar (@Musafirr_hu_yar) April 26, 2026
सुपर ओवर में पूरन को क्यों भेजा?
सोशल मीडिया पर निकोलस पूरन को सुपर ओवर में भेजने को लेकर बहस छिड़ी हुई है. इस बीच लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच जस्टिन लैंगर ने इस फैसले का बचाव किया है. कोच का कहना है कि उनकी टीम में किसी दूसरे बल्लेबाज निकोलस पूरन से ज्यादा सुनील नरेन के सामने नहीं खेला है. उन्हें पता था कि सुनील नरेन ही सुपर ओवर डालेंगे. जस्टिन लैंगर ने बताया कि दुनिया के किसी भी बल्लेबाज की तुलना में पूरन ने सुनील नरेन का सबसे ज्यादा सामना किया है. ऐसे में उन्हें लगा कि पूरन को सुपर ओवर में भेजने का फैसला सही होगा.
IPL 2026 में पूरन का शर्मनाक प्रदर्शन
लखनऊ सुपर जायंट्स के पावर हिटर बल्लेबाज निकोलस पूरन पिछले कई महीनों से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. आईपीएल 2026 में भी निकोलस पूरन रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने अभी तक इस सीजन में 8 मैच खेले हैं, जिनमें 81.18 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 82 रन बनाए हैं.