Who is Danish Malewar: आईपीएल 2026 में जीत की राह पर लौटने की कोशिश कर रही मुंबई इंडियन्स ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ एक बड़ा दांव खेला है. अहम मुकाबले में MI ने दो युवा चेहरों, दानिश मालेवार और मध्यम गति के गेंदबाज कृष भगत को डेब्यू का मौका दिया. खास बात यह है कि दानिश आज क्विंटन डी कॉक के साथ पारी की शुरुआत (ओपनिंग) करते नजर आ रहे हैं.
विदर्भ का वो लड़का
8 अक्टूबर 2003 को विदर्भ में जन्मे 21 वर्षीय दानिश मालेवार दाएं हाथ के टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज और लेग-ब्रेक गेंदबाज हैं. घरेलू क्रिकेट में अपनी धाक जमाने के बाद मुंबई इंडियन्स ने उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया.
जूनून ऐसा कि 2 घंटे की नींद के बाद जड़ा शतक
दानिश के क्रिकेट की शुरुआत ‘सिटी जिमखाना अकादमी’ से हुई जहाँ कोच स्वरूपराज श्रीवास्तव और नितिन गावंडे ने उनकी प्रतिभा को निखारा. उनके जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब वह महज 12 साल के थे तब एक मैच खेलकर रात को 2 बजे लौटे थे. शरीर थका हुआ था लेकिन अगली सुबह अंडर-14 का फाइनल था। दानिश ने हार नहीं मानी और चंद घंटों की नींद के बाद मैदान पर उतरकर शानदार शतक जड़ दिया.
रिकॉर्ड्स की दुनिया में मचाया तहलका
दानिश मालेवार का हालिया प्रदर्शन किसी सपने से कम नहीं रहा है रणजी ट्रॉफी (2024-25) में उन्होंने 9 मैचों में 52 की औसत से 783 रन बनाए, जिसमें 2 शतक और 6 अर्धशतक शामिल थे. दलीप ट्रॉफी 2025 में उनके नाम ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज है बता दें कि दानिश तब सुर्खियों में आए जब उन्होंने सेंट्रल जोन की ओर से खेलते हुए डेब्यू मैच में ही 203 रनों की पारी खेली. 200 रन पूरे होते ही वह ‘रिटायर आउट’ हो गए. ऐसा करने वाले वह 81 साल के इतिहास में पहले भारतीय खिलाड़ी बने. विदर्भ प्रो टी-20 लीग में भारत रेंजर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने महज 55 गेंदों में 120 रन कूट दिए थे.