Shimla Monkey Viral Video: शिमला के डीसी ऑफिस परिसर में एक बंदर ने ऐसी उछलकूद मचाई कि देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी फैल गई. बैंक में पैसे जमा करवाने जा रहे एक व्यक्ति से बंदर 81,800 रुपये की नकदी का पैकेट छीनकर पेड़ पर चढ़ गया. इसके बाद बंदर ने ऐसा खेल शुरू किया कि मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए. वह पैकेट से एक-एक नोट निकालकर नीचे फेंकने लगा. देखते ही देखते पेड़ के नीचे हजारों रुपये बिखर गए.
पेड़ पर चढ़कर बंदर करने लगा नोटों की बारिश
अपनी मेहनत की कमाई को हवा में उड़ता देखकर व्यक्ति के होश उड़ गए. मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तुरंत नोट इकट्ठा करने शुरू किए. काफी मशक्कत के बाद ज्यादातर रकम बरामद कर ली गई, लेकिन व्यक्ति के मुताबिक करीब 1,500 रुपये का हिसाब नहीं मिल पाया. इतना ही नहीं, बंदर ने 500 रुपये के कुछ नोट फाड़कर भी नुकसान पहुंचाया. डीसी ऑफिस जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में हुई इस घटना ने एक बार फिर शिमला में बंदरों के आतंक को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
Gazab bandar hain 😂 monkey snatched a packet containing ₹81,000 from a person near Shimla DC Office and scattered the cash everywhere. Thankfully, locals stepped in and helped recover the money. https://t.co/VBOWVA52Nn
— Nikhil saini (@iNikhilsaini) November 12, 2026
बुलंदशहर में भी बंदर ने छीना था 2 लाख का बैग
ऐसी ही एक घटना मई 2026 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के कोर्ट परिसर में सामने आई थी. यहां एक बंदर 2 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर पेड़ पर चढ़ गया था. इसके बाद उसने बैग फाड़ दिया और उसमें रखे नोट नीचे गिराने लगा. मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस भी पहुंची. काफी कोशिशों के बाद अधिकारियों ने 1.98 लाख रुपये बरामद कर लिए और रकम उसके मालिक को लौटा दी.
पहले अयोध्या में भी हुई थी ऐसी घटना
इससे पहले अयोध्या में एक बंदर महिला से 42 रुपये छीनकर भाग गया था. लोगों ने रुपये वापस लेने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. शिमला, बुलंदशहर और अयोध्या की घटनाएं बताती हैं कि बंदरों की शरारत कई बार लोगों के लिए आर्थिक नुकसान और परेशानी का कारण बन जाती है.
ये भी पढ़ें: चलती लोकल में युवती से छेड़छाड़, प्लेटफॉर्म पर दिया धक्का; पहिए के नीचे आ गया बायां हाथ और फिर…