Bhojpur Crime News: बिहार के भोजपुर जिले के आरा से घरेलू विवाद में हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 26 वर्षीय महिला राखी कुमारी पर उनके पति पंकज कुमार ठाकुर ने कैंची से जानलेवा हमला कर दिया. आरोप है कि पति ने पत्नी के चेहरे, गर्दन, पीठ और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों पर 150 से ज्यादा वार किए. गंभीर रूप से घायल राखी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन कर उनकी जान बचाई. महिला के शरीर पर लगभग 150 टांके लगाए गए हैं. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
करवा चौथ की रात पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद
यह घटना 29 अक्टूबर 2026 को करवा चौथ के दिन आरा के नगर थाना क्षेत्र के बड़ी मठिया मोहल्ले में हुई. राखी कुमारी अपने पति पंकज कुमार ठाकुर और दो छोटे बच्चों के साथ यहां किराये के मकान में रहती थीं. राखी के मुताबिक, घटना वाली रात खाना खाने के बाद वह मोबाइल चला रही थीं. इसी दौरान पति ने उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया और फोन-पे अकाउंट में मौजूद पैसों को लेकर सवाल करने लगा.
फोन-पे अकाउंट में डेढ़ लाख रुपये को लेकर था शक
राखी ने बताया कि उनके फोन-पे अकाउंट में करीब डेढ़ लाख रुपये थे. पति पंकज को शक था कि पैसों का हेरफेर किया गया है. राखी ने इस संबंध में अपने ससुर से मोबाइल के मैसेज और अकाउंट बैलेंस चेक कराने की बात कही. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया. आरोप है कि गुस्से में पंकज ने सिलाई के काम में इस्तेमाल होने वाली धारदार कैंची से राखी पर हमला कर दिया. राखी ने खुद को बचाने और पति को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा. इस हमले में उनके चेहरे, गर्दन, पीठ और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. वह बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर गईं.
तीन घंटे तक चला ऑपरेशन, शरीर पर लगे 150 से ज्यादा टांके
घटना के बाद राखी को गंभीर हालत में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनका इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह के मुताबिक, महिला के शरीर पर 150 से ज्यादा गंभीर जख्म थे. डॉक्टरों की टीम ने करीब तीन घंटे तक ऑपरेशन किया और क्षतिग्रस्त हिस्सों का उपचार किया. महिला को लगभग 150 टांके लगाए गए, जिनमें चेहरे पर ही करीब 50 टांके शामिल थे. डॉक्टरों ने उन्हें 72 घंटे तक चिकित्सकीय निगरानी में रखने की बात कही थी.
पिता ने लगाया पहले से मारपीट करने का आरोप
राखी के पिता मनोज ठाकुर के मुताबिक, उनकी बेटी की शादी जून 2019 में पंकज कुमार ठाकुर से हुई थी. दोनों के दो छोटे बच्चे हैं. पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पंकज नशे की हालत में राखी के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करता था. इसको लेकर पहले भी कई बार सामाजिक पंचायतें हुईं और परिवार के स्तर पर समझौते की कोशिश की गई, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ.
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार
मामले में राखी के पिता मनोज कुमार ठाकुर की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. आरा नगर थानाध्यक्ष देवराज राय के मुताबिक, आरोपी पति पंकज कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस वारदात में इस्तेमाल कैंची की बरामदगी के साथ मामले की जांच कर रही है. अस्पताल में भर्ती राखी ने आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि उनके दो छोटे बच्चे हैं और अब परिवार ही उनकी परवरिश की जिम्मेदारी संभालेगा. राखी ने सरकार से न्याय दिलाने और आरोपी को सख्त सजा दिलाने की अपील की है.