Firozabad rape case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म और जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. खैरगढ़ थाना क्षेत्र में किशोरी शनिवार शाम घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे. रविवार सुबह वह घर से करीब 350 मीटर दूर एक सब्जी के खेत में गंभीर हालत में मिली. उसके चेहरे, गर्दन और सिर पर चोट के निशान थे. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.मामले में पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो सगे भाइयों ऋषि और जगत को गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी है. जांच के दौरान तीसरे आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश की जा रही है.
घर से शौच के लिए निकली थी किशोरी, सुबह खेत में मिली
पुलिस और स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, खैरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी शनिवार शाम करीब सात बजे शौच के लिए खेतों की तरफ गई थी. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. रातभर खोजबीन के बाद रविवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने उसे घर से लगभग 350 मीटर दूर एक सब्जी के खेत में पड़ा देखा. किशोरी के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और उसके चेहरे, गर्दन व सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. वह दर्द से कराह रही थी. पास में उसकी चप्पलें और पानी की खाली बोतलें भी मिलीं. सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे.
गंभीर हालत में आगरा रेफर
पुलिस ने किशोरी को पहले सरकारी ट्रामा सेंटर पहुंचाया. हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया. शुरुआती शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. बाद में विवेचना के दौरान दुष्कर्म के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं.
ऋषि और जगत नाम के दो सगे भाई गिरफ्तार
पुलिस ने रविवार और सोमवार की दरमियानी रात कार्रवाई करते हुए नगला सकटू निवासी ऋषि और उसके भाई जगत को गिरफ्तार किया. एसएसपी आदित्य लांग्हे के मुताबिक, दोनों सगे भाई हैं. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी नगला रमिया से हाईवे की तरफ जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं. इसके बाद खैरगढ़ और मक्खनपुर पुलिस के साथ एसओजी व सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की. पुलिस का दावा है कि घिरने पर आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और किशोरी का मोबाइल बरामद करने की जानकारी दी है.
मामले में तीसरे आरोपी की भी तलाश
पुलिस जांच में इस वारदात में तीन आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई है. गिरफ्तार आरोपियों में से मुख्य आरोपी ऋषि ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया कि उसकी किशोरी से पिछले करीब छह महीने से बातचीत थी. पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात उसे खेतों की ओर बुलाया गया था. आरोप है कि वहां जबरदस्ती की गई और विरोध करने पर किशोरी पर हमला किया गया. पुलिस अब तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है. मामले की जांच जारी है.