Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से कथित लुटेरी दुल्हन का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर अपनी दो पुरानी शादियां छिपाकर तीसरी शादी करने और फिर पति के घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगा है. पीड़ित पति का दावा है कि उसकी पत्नी घर से करीब 15 लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये कैश लेकर चली गई. जब पति को पत्नी की पिछली शादियों के बारे में पता चला और वह जवाब मांगने ससुराल पहुंचा तो वहां उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की गई. अब पुलिस ने पत्नी और उसके पिता समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
2025 में हुई थी तीसरी शादी
मामला कानपुर के बर्रा इलाके का है. यहां रहने वाले ऑटो फाइनेंस कारोबारी विशाल विश्वकर्मा ने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. विशाल के मुताबिक, साल 2025 में उनकी शादी प्रगति विश्वकर्मा से हुई थी. शादी एक बड़े गेस्ट हाउस में धूमधाम से हुई थी और इसका पूरा खर्च उन्होंने खुद उठाया था. विशाल का आरोप है कि उन्होंने शादी के बाद अपनी पत्नी के लिए करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने भी बनवाए थे. शुरुआत में दोनों के बीच सबकुछ ठीक चल रहा था, लेकिन कुछ समय बाद पत्नी के व्यवहार में बदलाव आने लगा.
दिनभर फोन पर बात करती थी पत्नी
विशाल का कहना है कि शादी के कुछ दिन बाद प्रगति दिनभर फोन पर किसी न किसी से बात करती रहती थी. इस बात को लेकर उन्होंने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया. आरोप है कि जून 2026 में प्रगति अचानक घर से गायब हो गई. वह अपने साथ करीब 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद भी ले गई. पत्नी के अचानक लापता होने से विशाल परेशान हो गए और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी.
जांच की तो सामने आईं दो पुरानी शादियां
पत्नी के गायब होने के बाद विशाल ने उसके मायके वालों से संपर्क किया और उसके बारे में जानकारी मांगी. हालांकि, उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने खुद पत्नी के पुराने रिकॉर्ड खंगालने शुरू किए. इसी दौरान उन्हें पता चला कि प्रगति उनसे पहले भी दो शादियां कर चुकी थी. विशाल के मुताबिक, प्रगति की पहली शादी साल 2017 में कानपुर के जूही निवासी सोनू विश्वकर्मा से हुई थी. इसके कुछ ही महीने बाद जून 2017 में उसने इटावा के बजरिया निवासी सुमित बाथम से भी शादी कर ली थी. बताया गया है कि दोनों शादियां आर्य समाज मंदिर में हुई थीं और उनका रजिस्ट्रेशन भी कराया गया था. हालांकि, इन दोनों पतियों से प्रगति का तलाक हुआ था या नहीं, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है. विशाल का आरोप है कि पत्नी ने अपनी पिछली दोनों शादियों की बात उनसे छिपाई थी.
पत्नी के घर पहुंचा पति तो भाइयों के साथ हुई मारपीट
विशाल का आरोप है कि जब उन्हें पत्नी की पुरानी शादियों के बारे में पता चला तो वह अपने छोटे भाई के साथ ससुराल पहुंचे. वह प्रगति और उसके परिवार से इस बारे में जवाब मांगना चाहते थे. लेकिन आरोप है कि वहां प्रगति, उसके पिता और भाई समेत परिवार के अन्य लोगों ने विशाल और उनके छोटे भाई के साथ मारपीट कर दी. इसके बाद विशाल ने पुलिस से शिकायत की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
ये भी पढ़ें: यूट्यूबर से मिलने चेन्नई से दिल्ली आया युवक, घर में घुसने पर हुई पिटाई; 7 दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम
पत्नी और पिता समेत आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज
विशाल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने करीब तीन महीने बाद प्रगति और उसके पिता समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पत्नी व उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है. डीसीपी देवेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पति ने पत्नी पर दो शादियां छिपाकर तीसरी शादी करने और घर से जेवर व नकदी लेकर जाने का आरोप लगाया है. इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला की पिछली शादियों की वास्तविक स्थिति क्या थी और घर से जेवर व नकदी ले जाने के आरोपों में कितनी सच्चाई है.
ये भी पढ़ें: Watch Video: जीजा का प्यार या रईसी का जलवा? सालों को पहनाई करोड़ों की नोटों वाली माला; मथुरा की शादी हुई वायरल!