Hapur Acid Attack: उत्तर प्रदेश के हापुड़ से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शादी का रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक पर आरोप है कि उसने देर रात घर में घुसकर सो रही दो सगी बहनों पर तेजाब फेंक दिया. हमले में दोनों युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं. उन्हें इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का उपचार चल रहा है. मामला सिंभावली थाना क्षेत्र के माधापुर गांव का बताया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने नामजद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
शादी का रिश्ता टूटा तो बढ़ी नाराजगी
परिजनों के मुताबिक, परिवार ने अपनी एक बेटी का रिश्ता हापुड़ के आवास विकास क्षेत्र में रहने वाले हर्ष भाटी के साथ तय किया था. कुछ समय बाद परिवार को युवक के नशे की आदत के बारे में जानकारी मिली. इसके बाद परिजनों ने शादी का रिश्ता खत्म कर दिया. आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद हर्ष भाटी नाराज था. पुलिस अब इसी पहलू को वारदात की वजह मानकर जांच कर रही है.
रात में दीवार फांदकर घर में घुसा आरोपी
बताया जा रहा है कि देर रात दोनों बहनें घर में सो रही थीं. इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुआ. आरोप है कि उसने सो रही दोनों बहनों पर तेजाब जैसा पदार्थ फेंक दिया और मौके से फरार हो गया. हमले के बाद दोनों युवतियां बुरी तरह झुलस गईं. उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
आरोपी हर्ष को हिरासत में
घटना की सूचना डायल-112 के जरिए पुलिस को मिली. इसके बाद सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवतियों का मेडिकल कराया. परिजनों की तहरीर में शादी का रिश्ता तय होने और बाद में टूटने की बात बताई गई है. सिंभावली थाना प्रभारी अरविंद चौधरी के मुताबिक, आरोपी हर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. सीओ राहुल यादव ने बताया कि पुलिस को दो युवतियों पर तेजाब डालने की सूचना मिली थी. पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.