MP Crime: पूरे देश में करवा चौथ का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा था. कहीं महिलाएं सज-संवरकर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही थीं, तो कहीं घरों में पूजा की तैयारियां चल रही थीं. वहीं ग्वालियर के एक परिवार में इसी दिन ऐसा हादसा हुआ, जिसने खुशियों को मातम में बदल दिया. मुरार थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी. हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को इसकी सूचना दी.
ग्वालियर के त्यागी नगर में हुई वारदात
यह घटना ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर की है. यहां रहने वाले आनंद श्रीवास्तव पर अपनी पत्नी मधु की हत्या करने का आरोप है. जानकारी के मुताबिक, आनंद ने सिलबट्टे से हमला कर मधु की जान ले ली. इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. सीएसपी संदीप बांगरे समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. वहीं मधु के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
17 साल पहले किया था प्रेम विवाह
बताया जा रहा है कि आनंद और मधु ने करीब 17 साल पहले प्रेम विवाह किया था. दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं. करवा चौथ जैसे खास दिन पर हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. पड़ोसियों का कहना है कि आनंद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जाती थी. हालांकि, पुलिस ने इस बारे में अब तक किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी है. पति-पत्नी के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और हत्या के पीछे असली वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: बंद फ्लैट, तेज दुर्गंध और… विरार में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की मौत से मचा हड़कंप