आकांक्षा चमोला नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सज़ा’ में बतौर प्रतियोगी नजर आ रही हैं. शो के प्रीमियर एपिसोड में उन्होंने खुलासा किया कि वह और उनके पति, अभिनेता गौरव खन्ना, तलाक ले रहे हैं. इसी एपिसोड में हर्षद चोपड़ा ने भी अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बड़ा राज साझा किया था. शो के तीसरे एपिसोड में आकांक्षा भावुक हो गईं और कहा कि इस मंच पर अपनी निजी जिंदगी के बारे में बताना उनके लिए बेहद दुखद और मुश्किल अनुभव था.
आकांक्षा ने अपने तलाक के बारे में क्या कहा?
‘लॉक अप सीजन 2’ शो के दौरान आकांक्षा ने कहा, ‘हमारे लिए सेफ होना आसान नहीं था. मैंने जो बहुत बड़ा सीक्रेट रिवील किया है ना मैम, वो जिंदगी बदलने वाला सीक्रेट है. आप सबके लिए बहुत आसान है बोलना कि हम तीनों को आप सेव कर देते लेकिन उसने (हर्षद) जो सीक्रेट रिवील किया है. उसका पता नहीं लेकिन मैंने जो सीक्रेट रिवील किया है ना. आप लोग जब बाहर जाएंगे तब पता चलेगा कि क्या सीक्रेट बोला है.’
आकांक्षा चमोला ने कहा- मेरे लिए वो बहुत दुखद राज है
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मेरे लिए वो बहुत ही दुखद राज है.’ इसके बाद वो रोने लगीं और बाकी प्रतियोगियों के सामने अपना चेहरा ढंक लिया. इस दौरान उन्हें कई लोग उन्हें सांत्वना देते नजर आए.
शो में तलाक को लेकर किया था खुलासा
आकांक्षा चमोला ने इसी शो में कहा था, ‘मैं और गौरव तलाक ले रहे हैं. हम पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं और यह बात सार्वजनिक नहीं हुई है.’ उन्होंने आगे कहा, ‘मेरे और गौरव के बीच सब कुछ ठीक है। हम अब भी एक-दूसरे से बात करते हैं. हमें नहीं लगता कि हम पार्टनर के तौर पर एक-दूसरे के अनुकूल हैं क्योंकि हम दोनों का भविष्य बहुत अलग है. और दुर्भाग्य से, वह एक-दूसरे के साथ नहीं है.’
एक नजर आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना पर
आकांक्षा चमोला और गौरव खन्ना ने कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 24 नवंबर 2016 को शादी की थी. दोनों की पहली मुलाकात एक ऑडिशन के दौरान हुई थी, जहां उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई. इसके बाद दोनों ने गौरव के गृहनगर कानपुर में तीन दिन तक चले भव्य समारोह में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में सात फेरे लिए.