Diljit Dosanjh: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार को बताया कि पिछले सप्ताह जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तान समर्थक ग्रैफिटी लिखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक, इस ग्रैफिटी में पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को भी धमकी दी गई थी. यह घटना उनके ऑरा इंडिया टूर के दौरान सामने आई.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुमीत उर्फ रफ्तार, सुमित कुमार उर्फ काका और गुरप्रीत के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों मेट्रो स्टेशनों पर मिली ग्रैफिटी में प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के समर्थन और खालिस्तान की मांग से जुड़े संदेश लिखे गए थे. ये ग्रैफिटी 29 और 30 अक्टूबर को सामने आई थीं.
कहां मिली थी खालिस्तान समर्थक ग्रैफिटी?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 29 अक्टूबर को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास फर्श पर ग्रैफिटी मिली थी. इसके अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास सीढ़ियों की अंदरूनी दीवार पर भी इसी तरह की लिखावट देखी गई.
दो FIR दर्ज
दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग FIR दर्ज कीं. पहली FIR दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 2007 की धारा 3 के तहत और दूसरी मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 की धारा 62(2) के तहत दर्ज की गई.पहली FIR मेट्रो आजादपुर पुलिस स्टेशन और दूसरी मेट्रो एनएसपी पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई.
स्पेशल सेल ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज की टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुकूल पंवार और इंस्पेक्टर परवीन कुमार कर रहे थे. वहीं, पूरी कार्रवाई ACP राहुल कुमार सिंह की निगरानी में की गई. पुलिस ने इस ग्रैफिटी को सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताया है. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से सार्वजनिक व्यवस्था और देश की एकता एवं अखंडता प्रभावित हो सकती है.