Rakesh Roshan: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर राकेश रोशन एक बार फिर मुंबई की प्रॉपर्टी डील को लेकर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने अंधेरी वेस्ट स्थित अपनी दो कमर्शियल यूनिट्स को Beingu Studios Private Limited को लीज पर दिया है. रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, इस डील से राकेश रोशन को हर महीने लाखों रुपये की कमाई होगी. CRE Matrix के अनुसार, दोनों कमर्शियल यूनिट्स ओशिवारा में न्यू लिंक रोड के पास स्थित कॉमर्स सेंटर में हैं.
इनका कुल क्षेत्रफल करीब 5,574 स्क्वायर फीट है. 36 महीने के लिए हुए इस लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट में मासिक लाइसेंस फीस 7.30 लाख रुपये तय की गई है. इसके साथ दो कार पार्किंग स्पेस भी शामिल हैं.
हर साल बढ़ेगा किराया
इस डील की एक खास बात यह है कि किराया हर साल बढ़ेगा. एग्रीमेंट में 5 फीसदी सालाना बढ़ोतरी का प्रावधान है. इससे साफ है कि हर दूसरे साल में मासिक किराया बढ़कर करीब 7.66 लाख रुपये और तीसरे साल में 8.04 लाख रुपये हो जाएगा. इस प्रॉपर्टी के लिए 10.95 लाख रुपये का सिक्योरिटी डिपॉजिट भी तय किया गया है. यह लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट 9 सितंबर 2026 को रजिस्टर हुआ था. राकेश रोशन की ओर से इस डील पर फिलहाल कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है.
कौन है Beingu Studios?
Beingu Studios की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी एक कंटेंट एंटरप्राइज है, जो सिनेमा, टेलीविजन, लाइव कॉन्सर्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट तैयार करती है.
प्रॉपर्टी डील्स में एक्टिव है रोशन परिवार
राकेश रोशन और उनका परिवार मुंबई के रियल एस्टेट मार्केट में काफी सक्रिय रहा है. कुछ महीने पहले राकेश रोशन और उनकी पत्नी प्रमिला रोशन ने जुहू-विले पार्ले डेवलपमेंट स्कीम में अपना अपार्टमेंट तीन साल के लिए किराए पर दिया था. इस डील से करीब 1.89 करोड़ रुपये की कुल रेंटल इनकम होने की उम्मीद जताई गई थी. इससे पहले जनवरी 2026 में राकेश रोशन ने पुणे में करीब 1.09 हेक्टेयर जमीन 15 करोड़ रुपये में बेची थी.
नवंबर 2025 में ऋतिक रोशन, HRX Digitech LLP और Filmkunj (Bombay) Pvt Ltd ने अंधेरी वेस्ट में 28 करोड़ रुपये में 10 ऑफिस यूनिट्स खरीदी थीं. इसी दौरान राकेश रोशन और प्रमिला रोशन ने भी अंधेरी में करीब 19.68 करोड़ रुपये में पांच कमर्शियल ऑफिस यूनिट्स खरीदी थीं.
ये भी पढ़ें: ‘फरहाना भट्ट या अविनाश मिश्रा…’ कौन जीतेगा KKK15? रोहित शेट्टी ने दिया हैरान करने वाला जवाब