Korean Horror Drama: सोचिए, रात के वक्त आपके फोन पर अचानक एक अनजान ऐप दिखाई दे. आप उसे खोलते हैं और स्क्रीन पर लिखा आता है, जो चाहो मांग लो… तुम्हारी हर इच्छा पूरी होगी. आप मजाक में कोई ख्वाहिश लिखते हैं और कुछ ही पलों में वह सच हो जाती है. पैसे चाहिए थे, मिल गए. कोई परेशानी खत्म करनी थी, वह भी खत्म हो गई लेकिन तभी कहानी में एक ऐसा मोड़ आता है, जहां खुशी की जगह डर दस्तक देता है क्योंकि इस ऐप की एक शर्त है कि हर इच्छा की कीमत चुकानी होगी.
Netflix की 8 एपिसोड वाली कोरियन हॉरर सीरीज ‘If Wishes Could Kill’ इसी खौफनाक रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती है. शुरुआत में जो ऐप किसी चमत्कार जैसा लगता है, वही धीरे-धीरे पांच दोस्तों की जिंदगी का सबसे बड़ा डर बन जाता है. हर नई इच्छा उन्हें उस रहस्य के और करीब ले जाती है, जिससे बाहर निकलना शायद उनके लिए आसान नहीं है. पांच दोस्तों को एक ऐसा ऐप मिलता है, जिसे डाउनलोड करना भारी पड़ जाता है.
क्या है कहानी?
कहानी पांच स्कूल दोस्तों से शुरू होती है. उनकी जिंदगी अपनी सामान्य रफ्तार से चल रही होती है. तभी उनकी दुनिया में एक रहस्यमयी मोबाइल ऐप की एंट्री होती है. पहली नजर में यह बाकी ऐप्स जैसा ही लगता है लेकिन इसकी खूबी किसी चमत्कार से कम नहीं होती. इसमें अपनी इच्छा लिखिए और कुछ समय बाद वह आपके सामने होती है. शुरुआत में दोस्तों को यह खेल रोमांचक लगता है। आखिर कौन नहीं चाहेगा कि उसकी मनचाही चीज बिना मेहनत के मिल जाए? जैसे-जैसे वे ऐप का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें एहसास होने लगता है कि यहां कुछ भी मुफ्त नहीं है. एक इच्छा पूरी होती है और उसके साथ कोई अनहोनी सामने आ जाती है. फिर दूसरी इच्छा के बाद खतरा और बढ़ जाता है. धीरे-धीरे पांचों दोस्त समझने लगते हैं कि वे किसी बड़े खेल का हिस्सा बन चुके हैं.
छिपा है बड़ा राज?
सीरीज का असली रहस्य यही है कि आखिर यह ऐप इच्छाएं पूरी कैसे करता है? क्या इसके पीछे कोई इंसान है? कोई खतरनाक ताकत? या फिर इसके पीछे ऐसा राज छिपा है, जिसकी कल्पना दोस्तों ने कभी नहीं की? हर एपिसोड के साथ कहानी इन सवालों के जवाब के करीब जाती है लेकिन साथ ही नए सवाल भी खड़े कर देती है. दोस्तों के सामने अब सिर्फ अपनी इच्छाओं को संभालने की चुनौती नहीं है. उन्हें यह भी पता लगाना है कि इस ऐप का असली मकसद क्या है और इसके पीछे कौन है?
ये भी पढ़ें: Toxic Review: किसी ने की वाहवाही, तो किसी ने बताया टॉर्चर, टॉक्सिक में भरपूर एक्शन और स्टाइल लेकिन उलझ गई कहानी