French Groom Weds In Rajasthan: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के संगरिया में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां फ्रांस से दूल्हा रोमेन बारात लेकर पहुंचा और राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ दिव्या ज्योति से शादी रचाई. इस शादी में फ्रांस से आए विदेशी मेहमान भी भारतीय परंपराओं और रस्मों का आनंद लेते नजर आए. दोनों की प्रेम कहानी न्यूजीलैंड में शुरू हुई थी, जो अब शादी के खूबसूरत रिश्ते में बदल गई.
न्यूजीलैंड में हुई मुलाकात
दिव्या ज्योति राजस्थान के संगरिया की रहने वाली हैं. वह एक सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी की बेटी हैं. उन्होंने ग्वालियर से बीटेक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम में आईबीएम और नोएडा में एचसीएल जैसी कंपनियों में काम किया. आगे चलकर काम के सिलसिले में दिव्या न्यूजीलैंड पहुंचीं. यहीं उनकी मुलाकात फ्रांस के रहने वाले रोमेन से हुई. रोमेन पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर हैं. पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई.
परिवार की सहमति से राजस्थान में शादी का फैसला
दिव्या और रोमेन ने एक-दूसरे के साथ पूरी जिंदगी बिताने का फैसला किया. दोनों परिवारों को भी उनका रिश्ता पसंद आया और शादी के लिए सहमति मिल गई. इसके बाद दोनों ने राजस्थान के संगरिया में शादी करने का फैसला किया.
ये भी पढ़ें: ब्लीच के बाद या पहले? सैफ अली खान के जवाब ने करण को चौंकाया, करीना कपूर बोलीं- ये शो में क्या हो रहा है?
राजस्थानी रस्मों में झूमे विदेशी मेहमान
शादी में रोमेन अपने परिवार और दोस्तों के साथ फ्रांस से बारात लेकर संगरिया पहुंचे. विदेशी मेहमानों के लिए भारतीय शादी का माहौल बेहद खास रहा. उन्होंने राजस्थानी परंपराओं के बीच शादी की रस्मों में हिस्सा लिया और समारोह का खूब आनंद उठाया. इस शादी में एक तरफ राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली, तो दूसरी तरफ अलग-अलग देशों के लोगों का खूबसूरत मिलन भी हुआ. न्यूजीलैंड में शुरू हुई दिव्या और रोमेन की प्रेम कहानी का राजस्थान में इस तरह खूबसूरत अंत हुआ कि यह शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई.
ये भी पढ़ें: ‘शोले’ के वो 3 राज, जो कभी बड़े पर्दे पर नहीं दिखे! आखिर क्यों सेंसर बोर्ड ने चलवा दी थी कैंची?