Aaj Ka Mausam 22 April 2026: पहाड़ी इलाकों और दर्जनभर राज्यों को छोड़ दिया जाए तो पूरा भारत भीषण गर्मी, लू और उमस की चपेट में है. भीषण गर्मी के चलते सुबह से ही लू चलनी शुरू हो जाती है, जिसके बाद शाम तक गर्मी और हीटवेव का सिलसिला चलता रहता है. देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो पूरे सप्ताह गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है.दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में बुधवार (22 अप्रैल, 2026) से लू और भीषण गर्मी की शुरुआत होने जा रही है.
कहां-कहां चलेगी लू
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अलर्ट के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी राजस्थान, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 22, 23 और 24 अप्रैल लू चलने की संभावना है. पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में भी 22 से 24 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति बरकरार रहेगी. पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ओडिशा और राजस्थान में 22 से 25 अप्रैल तक लू चलने की संभावना IMD की ओर से जताई गई है. साथ ही लोगों के लिए अलर्ट भी जारी किया गया है. IMD ने उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है.
12 राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत में जहां भीषण गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है तो वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश का दौर जारी है. IMD ने बुधवार (22 अप्रैल, 2026) को कुल 12 राज्यों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटे के दौरान असम, मेघालय, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22, 23, 24 और 25 अप्रैल के बीच तेज बारिश होने की संभावना जताई है.पूर्वोत्तर के राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है.
पहाड़ों पर क्या रहेगी स्थिति
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 25 और 26 अप्रैल को हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. वहीं, अगले 24 घंटे के दौरान, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
यूपी-बिहार में कैसी रहेगी स्थिति
IMD ने उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और सोनभद्र के अलावा वाराणसी, गोरखपुर, जौनपुर, आज़मगढ़, बलिया, कुशीनगर, देवरिया और मिर्जापुर में देखने को मिलेगा. कानपुर और लखनऊ में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है. उधर, बिहार में अगले दो दिनों तक गर्मी खूब परेशान करेगी. वहीं, जबकि 24 और 25 अप्रैल को राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट है.