Aaj Ka Mausam 23 April 2026: करीब-करीब पूरे भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है. तेज धूप और गर्मी के बीच उमस ने लोगों की हालत पस्त कर दी है. पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों को छोड़ दें तो भीषण गर्मी से फिलहाल राहत नहीं मिलने वाली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) के ताजा अलर्ट के मुताबिक, उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में आगामी 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी और लू चलने की आशंका है. इस दौरान तेजी से गर्मी बढ़ेगी और कई राज्यों में अधिकतम पारा 45 डिग्री सेल्सियस के भी पार जा सकता है.
कहां-कहां पड़ेगी भीषण गर्मी?
IMD के ताजा अलर्ट के मुताबिक, वीकेंड तक अधिकत तापमान में बढ़ोतरी और लू चलने का खतरा है. एक दिन बाद यानी शुक्रवार (24 अप्रैल, 2026) तक पूरे उत्तर भारत में तापमान में इजाफा होगा. देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में लू चलेगी. इसके अलावा दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर और गुजरात, महाराष्ट, छत्तीसगढ़, झारखंड, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के अधिकांश भागों पर गर्मी का सिलसिला शुरू हो गया है. मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक, आगामी दिनों में कुछ राज्यों में लू और सनबर्न का अलर्ट जारी हो सकता है. मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक, यूपी, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के अलावा गुजरात और महाराष्ट्र में भीषण गर्मी पड़ेगी.
कहां-कहां होगी बारिश
आगामी 24 घंटे के दौरान महाराष्ट्र, गुजरात के साथ दक्षिण भारत के अलावा पूर्वोत्तर के राज्यों में तेज आंधी-तूफान आएगा. इसके साथ ही इन राज्यों में बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 24 अप्रैल से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ भागों बारिश और ओले गिरने की संभावना है.
तमिलनाडु और केरल में होगी बारिश
मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण भारत में एक नया मौसमी तंत्र एक्टिव होगा. इसके प्रभाव से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पश्चिमी घाट के हिस्सों के अलावा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक में तूफानी हवाओं के साथ बारिश होगी.
पूर्वोत्तर के 4 राज्यों में गिर सकता है तापमान
वहीं, अगले 4 दिन तक पूर्वोत्तर के पांच राज्यों में भारी बारिश के संकेत हैं. अगले 24 के दौरान मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल भागों में भारी बारिश का अलर्ट घोषित किया है.