Noida Metro: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले लाखों लोगों के लिए आने वाले दिन राहत भरे हो सकते हैं. अब तक जाम, कैब के महंगे किराये और लंबी सड़क यात्रा पर निर्भर रहने वाले लोगों को जल्द मेट्रो और रैपिड रेल की दोहरी कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है. केंद्र सरकार ने नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के विस्तार को मंजूरी दे दी है. इसके तहत सेक्टर-61 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक यानी सेक्टर-4 तक करीब 8.5 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस रूट पर पांच स्टेशन होंगे. सबसे खास बात यह है कि गौर चौक पर मेट्रो का नेटवर्क प्रस्तावित गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर से भी जुड़ेगा.
बदलेगी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कनेक्टिविटी
इस विस्तार के बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 100 से अधिक हाईराइज सोसायटियों में रहने वाले करीब पांच लाख लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. रोजाना नोएडा और दिल्ली आने-जाने वालों को गौर चौक और पर्थला गोलचक्कर के जाम से राहत मिल सकती है. इस कॉरिडोर का इंटरचेंज सेक्टर-61 पर होगा, जहां से यात्री दिल्ली मेट्रो और नोएडा की एक्वा लाइन के नेटवर्क तक पहुंच सकेंगे.
कहां बनेंगे स्टेशन?
- सेक्टर-61 (इंटरचेंज स्टेशन)
- सेक्टर-70
- सेक्टर-122
- सेक्टर-123
- सेक्टर-4 (गौर चौक)
गौर चौक पर मेट्रो और नमो भारत एक साथ
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत सेक्टर-4 स्टेशन है। इसे केवल मेट्रो का आखिरी पड़ाव नहीं, बल्कि बड़े ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की योजना है. यहां से यात्री प्रस्तावित गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर से जुड़ सकेंगे. इस रूट पर गाजियाबाद साउथ, सिद्धार्थ विहार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सूरजपुर, अल्फा-1, दनकौर और यीडा क्षेत्र होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी प्रस्तावित है. आगे यह नेटवर्क दिल्ली के सराय काले खां और अन्य आरआरटीएस कनेक्शनों तक पहुंच आसान कर सकता है.
आसान होगी कनेक्टिविटी
मेट्रो विस्तार का असर सिर्फ सफर तक सीमित नहीं रहेगा. इससे आसपास के बड़े रिहायशी, व्यावसायिक और संस्थागत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर हो सकती है. गौर सिटी-1 और गौर सिटी-2 में रहने वाले करीब 30 हजार परिवारों को खास राहत मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा गौर सिटी मॉल, ब्लू सफायर मॉल, एचएस मॉल और गोल्डन आई जैसे व्यावसायिक केंद्रों तक पहुंचना आसान होगा. सेक्टर-70 और सेक्टर-62 के अस्पतालों, सेक्टर-122 स्थित डीपीएस और नोएडा के कई प्रमुख ऑफिसों को भी इस रूट से फायदा मिल सकता है. टेक महिंद्रा, टीसीएल और दूसरे कारोबारी केंद्रों तक पहुंचने के लिए लोगों को सड़क पर लगने वाले जाम पर कम निर्भर रहना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: US Flight Crisis: अमेरिका में अचानक क्यों थम गए हजारों विमान? FAA ने अब हटाई पाबंदी; जानें आखिर क्या थी वजह