Watch Video: केरल में दो अलग-अलग घटनाओं ने इंसानियत और सांप्रदायिक सौहार्द की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. पहली घटना में दो मुस्लिम भाइयों ने 85 साल की हिंदू महिला को अपनी मां मानकर उनका अंतिम संस्कार किया और बेटे का फर्ज निभाते हुए मुखाग्नि दी. वहीं, दूसरी घटना में एक मस्जिद ने हिंदू महिला के अंतिम संस्कार से पहले की रस्मों के लिए अपने दरवाजे खोल दिए. इन दोनों घटनाओं ने केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन को भी प्रभावित किया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इन्हें केरल की असली पहचान बताया.
मुस्लिम भाइयों ने निभाया बेटे का फर्ज
पहली घटना वायनाड जिले की मुप्पैनाडु पंचायत के चित्रगिरी गांव की है. यहां 85 साल की कल्याणी अम्मा का सोमवार को निधन हो गया. उनका कोई करीबी रिश्तेदार या परिवार का सदस्य नहीं था, जो उनका अंतिम संस्कार कर सके. ऐसे में उनके पड़ोसी कप्पन रजाक और सुलेमान ने बेटे की जिम्मेदारी निभाई. दोनों भाइयों ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया और मुखाग्नि दी.
बचपन से कल्याणी अम्मा को मां मानते थे दोनों भाई
रजाक और सुलेमान कई दशकों से कल्याणी अम्मा के पड़ोसी थे. दोनों उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखते थे और जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्पताल भी ले जाते थे. कल्याणी अम्मा भी दोनों भाइयों को अपने परिवार का हिस्सा मानती थीं. रजाक के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से कल्याणी अम्मा उनके घर में ही रह रही थीं. दोनों भाई बचपन से उन्हें मां कहकर बुलाते थे. उनकी आखिरी इच्छा भी यही थी कि दोनों भाई उनका अंतिम संस्कार करें. ऐसे में उनके निधन के बाद दोनों ने उनकी इच्छा पूरी की.
केरल की इंसानियत की मिसाल: 85 साल की कल्याणी अम्मा का कोई अपना नहीं था, मुस्लिम पड़ोसियों ने मां की तरह की सेवा और अंतिम संस्कार भी किया! https://t.co/SzAYOyzaoQ
— Lokmanchtoday (@lokmanchtoday) November 11, 2026
हिंदू महिला के अंतिम संस्कार के लिए मस्जिद ने खोले दरवाजे
दूसरी घटना मलप्पुरम जिले की नन्नमुक्कू पंचायत की है. यहां 52 साल की प्रेमलता की कैंसर से मौत हो गई. उनके पति सहदेवन और बेटी नीतू पिछले 18 साल से एक छोटे से किराए के मकान में रह रहे थे. परिवार के सामने समस्या थी कि घर में अंतिम संस्कार से पहले शव को स्नान कराने और जरूरी रस्में पूरी करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी. ऐसे में पल्लिककारा की खदीजा मस्जिद ने मदद के लिए अपने दरवाजे खोल दिए. मस्जिद प्रबंधन ने प्रेमलता के शव को स्नान कराने और अंतिम संस्कार से पहले की रस्मों के लिए जगह दी. मुस्लिम महिलाओं ने भी शव को स्नान कराने और कपड़े पहनाने में परिवार की मदद की. सुहारा नाम की महिला ने बताया कि वह प्रेमलता को अपनी छोटी बहन मानती थीं. उन्होंने कहा कि इंसानियत के नाते परिवार की मदद करना उनका फर्ज था.
ये भी पढ़ें: Delhi Pollution: दिल्ली-NCR में प्रदूषण से हाहाकार, AQI 500 के करीब; नोएडा में अब नहीं कर पाएंगे ये काम
मुख्यमंत्री बोले- यही केरल की असली पहचान
इन दोनों घटनाओं पर मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने खुशी जताई. उन्होंने X पर लिखा कि यह वही केरल है, जिसे वह जानते हैं, प्यार करते हैं और जिस पर विश्वास करते हैं.
उन्होंने कहा कि रजाक और सुलेमान का जन्म कल्याणी अम्मा के घर में नहीं हुआ था, लेकिन उन्होंने करीब पांच दशकों तक उन्हें अपनी मां की तरह प्यार और देखभाल दी. मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मां का प्यार धर्म नहीं देखता, बेटे का फर्ज जाति नहीं पूछता और दुख का एहसास सभी के लिए एक जैसा होता है. केरल की इन दोनों घटनाओं ने दिखाया है कि इंसानियत और आपसी प्रेम किसी धर्म या जाति की सीमा में बंधे नहीं होते.
ये भी पढ़ें: हाथों में अजगर और चेहरे पर जरा भी डर नहीं! कौन हैं मुरादाबाद की लेडी स्नेक कैचर शाजिया?