TVS Group Property Dispute: देश के बड़े कारोबारी घरानों में शामिल TVS परिवार इन दिनों संपत्ति और कारोबार के बंटवारे को लेकर चर्चा में है. इस विवाद में डॉ. लक्ष्मी वेणु का नाम सामने आया है. वह TVS Motor Company के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन और ट्रैक्टर कंपनी TAFE की चेयरपर्सन मल्लिका श्रीनिवासन की बेटी हैं. उनके भाई सुदर्शन वेणु भी TVS ग्रुप के बड़े कारोबार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. परिवार में विवाद की मुख्य वजह मार्च 2024 में हुए एक समझौते को लेकर अलग-अलग राय और संपत्ति के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाना है.
कौन हैं डॉ. लक्ष्मी वेणु?
डॉ. लक्ष्मी वेणु TVS परिवार की उन सदस्यों में शामिल हैं, जिन्होंने पारिवारिक कारोबार में अपनी अलग पहचान बनाई है. कंपनी की एक निदेशक प्रोफाइल में उनकी उम्र 42 साल दर्ज की गई थी. उन्होंने अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और ब्रिटेन की वारविक यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में डॉक्टरेट हासिल की. लक्ष्मी वेणु का परिवार लंबे समय से ऑटोमोबाइल और ट्रैक्टर कारोबार से जुड़ा है. उनके पिता वेणु श्रीनिवासन TVS Motor Company के चेयरमैन एमेरिटस हैं. उनकी मां मल्लिका श्रीनिवासन TAFE की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. वहीं, उनके भाई सुदर्शन वेणु TVS Motor Company के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
ट्रेनिंग से कंपनी की कमान तक का सफर
लक्ष्मी वेणु ने साल 2003 के आसपास TVS ग्रुप में काम सीखना शुरू किया था. उन्होंने सुंदरम ऑटो कंपोनेंट्स (Sundaram Auto Components) में मैनेजमेंट ट्रेनी के तौर पर काम किया. इसके बाद उन्होंने बिजनेस प्लानिंग, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, बिक्री और मार्केटिंग जैसे कई क्षेत्रों में अनुभव हासिल किया. साल 2010 में वह सुंदरम क्लेटन (Sundaram-Clayton) के बोर्ड में शामिल हुईं.
धीरे-धीरे उनकी जिम्मेदारियां बढ़ती गईं. उन्होंने कंपनी में संयुक्त प्रबंध निदेशक के तौर पर काम किया और फिर मैनेजिंग डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली. साल 2022 में वह कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर बनीं. सुंदरम क्लेटन का काम ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए जरूरी पुर्जे बनाने से जुड़ा है. उनके नेतृत्व में कंपनी के विस्तार, प्रोडक्ट की गुणवत्ता और विदेशी ग्राहकों के साथ कारोबार बढ़ाने पर ध्यान दिया गया.
मार्च 2024 के समझौते पर क्यों है विवाद?
TVS परिवार में चल रहे विवाद की सबसे अहम कड़ी 21 मार्च 2024 को हुआ एक समझौता है. इसे मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) कहा जाता है. इस समझौते का असल मतलब क्या था, इसी बात पर परिवार के दोनों पक्षों की राय अलग है. वेणु श्रीनिवासन और सुदर्शन वेणु से जुड़े पक्ष का कहना है कि इस समझौते में पारिवारिक कारोबार और संपत्तियों के बंटवारे की व्यवस्था तय की गई थी. इसके तहत लक्ष्मी वेणु को Sundaram-Clayton और सुदर्शन वेणु को TVS Motor से जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी मिलने की बात कही गई. वहीं मल्लिका श्रीनिवासन और लक्ष्मी वेणु इस बात से सहमत नहीं हैं. उनका कहना है कि समझौता मुख्य रूप से ब्रांड के इस्तेमाल और आपसी प्रतिस्पर्धा से जुड़ी शर्तों के लिए था. उनके मुताबिक, इससे परिवार की पूरी संपत्ति का अंतिम बंटवारा तय नहीं हो गया था.