Imran Khan letter: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल से जजों को ओपन लेटर लिखकर जान का खतरा जताया है. उन्होंने बेहतर इलाज और परिवार से मिलने की अनुमति मांगी.
Imran Khan letter: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी जान को खतरा बताते हुए देश के शीर्ष जजों से मदद की गुहार लगाई है. जेल में बंद इमरान खान का दावा है कि उनकी दाईं आंख की 85 फीसदी रोशनी जा चुकी है और उन्हें ब्रेन हैमरेज या हार्ट अटैक का खतरा है. उन्होंने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत को लेकर भी चिंता जताई है. इमरान ने पाकिस्तान के शीर्ष न्यायाधीशों को एक ओपन लेटर लिखकर बेहतर इलाज और परिवार से मिलने की अनुमति देने की मांग की है.
इमरान खान ने पाकिस्तान के फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों को यह पत्र लिखा है. पाकिस्तान के अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पत्र में कहा कि 74 साल की उम्र में जेल में उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उससे उनकी जान को खतरा पैदा हो गया है. उन्होंने लिखा, ‘यह कठोर रवैया मुझे ऐसी स्थिति में धकेल रहा है, जहां से शायद मैं जिंदा वापस न लौट सकूं.’ इमरान ने साफ किया कि वह यह पत्र किसी पूर्व प्रधानमंत्री या राजनीतिक पार्टी के प्रमुख के तौर पर नहीं लिख रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन क्रिकेट, समाज सेवा और जनता की सेवा के जरिए पाकिस्तान को समर्पित किया है. अब उन्हें सिर्फ बेहतर इलाज और इंसाफ चाहिए.
इमरान खान ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त 2023 को जेल में बंद किए जाने के बाद से उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उनका दावा है कि उन्हें दिन में करीब 22 घंटे एकांत कोठरी में रखा जाता है. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें परिवार के सदस्यों और वकीलों से मिलने की अनुमति नहीं दी जाती. इतना ही नहीं, उन्हें किताबें पढ़ने, टीवी देखने और अपने बेटों कासिम और सुलेमान से फोन पर बात करने की सुविधा भी नहीं मिल रही है. इमरान के मुताबिक, लंबे समय तक अकेले रहने से उनकी मानसिक सेहत पर भी बुरा असर पड़ा है. जेल के मेडिकल बोर्ड ने भी उनकी एंग्जायटी यानी बेचैनी की समस्या दर्ज की थी.
इमरान खान ने अपने पत्र में स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर परेशानियों का भी जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि 10 नवंबर को उनका ब्लड प्रेशर बढ़कर 192-193 तक पहुंच गया था. डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट यानी दिल का दौरा पड़ने के खतरे को लेकर चेतावनी दी थी. उन्होंने दावा किया कि उनकी दाईं आंख की करीब 85 फीसदी रोशनी चली गई है. हाल ही में उन्हें आंखों के इलाज के लिए इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) ले जाया गया था. 10-11 नवंबर की रात डॉक्टरों ने उनकी दाईं आंख में इंट्राविट्रियल एंटी-VEGF इंजेक्शन लगाया. यह इलाज सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन नाम की बीमारी के लिए किया गया, जिससे आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है. इलाज के बाद रात करीब ढाई बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी देकर वापस अदियाला जेल भेज दिया गया.
इमरान खान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बुशरा को भी जेल में सही इलाज नहीं मिल रहा है. पत्र के मुताबिक, अप्रैल में बुशरा की आंख का रेटिना अलग हो गया था. इसके बाद उनकी आंख की जटिल सर्जरी की गई. इमरान का दावा है कि इस सर्जरी के बाद भी उनकी आंखों की रोशनी लगातार कम हो रही है. उन्होंने बताया कि जब इस महीने उन्होंने बुशरा को देखा, तो वह रोशनी बर्दाश्त नहीं कर पा रही थीं और अपनी आंखें तक नहीं खोल पा रही थीं. इमरान को डर है कि अगर समय पर उनका दोबारा इलाज नहीं हुआ, तो वह हमेशा के लिए अपनी आंखों की रोशनी खो सकती हैं.
इमरान खान ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी अस्पताल बनाने और गरीबों को मुफ्त इलाज देने में लगा दी. लेकिन आज उन्हें और उनकी पत्नी को ही इलाज के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. उन्होंने अदालत से मांग की है कि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जाए और शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति मिले. साथ ही उन्हें अपने परिवार, वकीलों और बेटों से मिलने दिया जाए. इमरान ने यह भी आरोप लगाया कि अदालत के आदेश के बावजूद उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल नहीं भेजा गया. सुप्रीम कोर्ट ने 18 अगस्त को उनके इलाज के लिए मेडिकल बोर्ड बनाने और परिवार से मुलाकात कराने के निर्देश दिए थे. इमरान का कहना है कि इन निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं हुआ.
ये भी पढ़ें: फिर जेनसन हुआंग बनेंगे Nvidia के CEO? एलन मस्क ने लेटर में ऐसा क्या लिखा, कंपनी के उड़े होश
इमरान खान ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि उन्हें बीमार करने और उनका हौसला तोड़ने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने शीर्ष न्यायाधीशों से अपील की है कि उनकी हालत और बिगड़ने से पहले इस मामले में हस्तक्षेप करें. उन्होंने कहा कि वह अपनी बेगुनाही तभी साबित कर पाएंगे, जब जिंदा रहेंगे. पत्र के आखिर में इमरान ने इंसानियत के आधार पर न्याय की मांग करते हुए कहा, ‘मुझे इंसाफ दीजिए, इससे पहले कि बहुत देर हो जाए. इमरान खान के इस पत्र के सामने आने के बाद पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर उनकी जेल में सुरक्षा, स्वास्थ्य और इलाज की सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
ये भी पढ़ें: TVS family dispute: पिता, बेटा और बेटी…TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे पर क्यों आमने-सामने हैं अपने?
Aaj Ka Love Rashifal 17 November 2026: दैनिक लव राशिफल के अनुसार, मंगलवार (17 नवंबर…
Uttarakhand Tehri Bus Accident: इस दर्दनाक हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिसमें…
Watch Video: चित्रकूट के रैपुरा थाने में SO राम सिंह के तबादले पर महिला कांस्टेबल…
Gold Price Today 17 November 2026: बुलियंस के मुताबिक 24 कैरेट सोने का दाम 1,35,130…
Hapur Viral Video: हापुड़ के बछरौता गांव में रील बनाने के जुनून में युवकों ने…
Petrol Diesel Price Today 17 November 2026: केंद्र सरकार ने सोमवार देर रात डीज़ल और…