TVS family dispute: देश के बड़े कारोबारी घरानों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद गहरा गया है. TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता को कानूनी नोटिस भेजकर परिवार की संयुक्त संपत्तियों में बराबर हिस्से की मांग की है. लक्ष्मी ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम का हवाला देते हुए कहा है कि बेटी होने के नाते उन्हें भी बेटे के समान संपत्ति में अधिकार मिलना चाहिए. इस मामले में उनकी मां और दिग्गज कारोबारी मल्लिका श्रीनिवासन ने भी बेटी का समर्थन किया है.
परिवार की किन संपत्तियों में मांगा हिस्सा?
लक्ष्मी वेणु ने अपने कानूनी नोटिस में कहा है कि परिवार के मुखिया होने के नाते वेणु श्रीनिवासन को संपत्ति का निष्पक्ष और कानूनी तरीके से बंटवारा सुनिश्चित करना चाहिए. उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम, 1956 में 2005 में हुए संशोधन की धारा 6 का हवाला दिया है. इसके तहत हिंदू संयुक्त परिवार की सहदायिक संपत्ति में बेटियों को बेटों के बराबर अधिकार दिया गया है.
विवाद में VS ट्रस्ट और दूसरी होल्डिंग कंपनियों से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं. इनमें TVS Holdings, TVS Motor Company, TVS Credit Services और Sundaram-Clayton में परिवार की हिस्सेदारी भी है. ये संपत्तियां 2020 में TVS परिवार के बीच हुए समझौते के तहत वेणु श्रीनिवासन की शाखा को मिली थीं.
भाई के पक्ष में ज्यादा फायदा मिलने का आरोप
लक्ष्मी का कहना है कि 2020 में पूरे TVS परिवार के बीच हुआ समझौता उनके पिता के परिवार में संपत्ति का अंतिम बंटवारा नहीं था. उनके मुताबिक, वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका, लक्ष्मी और सुदर्शन के बीच संपत्तियों का पारदर्शी बंटवारा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया है कि परिवार की संपत्तियों का फायदा उनके भाई सुदर्शन के पक्ष में अधिक केंद्रित किया गया. उनका तर्क है कि कारोबार का प्रबंधन संभालने का मतलब संपत्ति पर अकेले मालिकाना हक मिलना नहीं है.
मां मल्लिका ने किया बेटी का समर्थन
लक्ष्मी की मां मल्लिका श्रीनिवासन ने भी बेटी की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि उनके लिए बेटा और बेटी दोनों बराबर हैं और लक्ष्मी का संपत्ति में वैध हिस्सा सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए. मल्लिका के मुताबिक, परिवार में आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की कोशिशें सफल नहीं हुई हैं. हालांकि, दोनों पक्ष बातचीत से समाधान निकालने की उम्मीद जता रहे हैं.
किसके पास कौन सी जिम्मेदारी?
वेणु श्रीनिवासन TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस हैं. उनकी पत्नी मल्लिका TAFE की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं. बेटा सुदर्शन वेणु TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं, जबकि बेटी लक्ष्मी वेणु सुंदरम-क्लेटन की मैनेजिंग डायरेक्टर और TAFE की वाइस चेयरपर्सन हैं. परिवार में सुदर्शन को TVS मोटर और लक्ष्मी को सुंदरम-क्लेटन से जुड़ी जिम्मेदारी मिली. वेणु श्रीनिवासन का पक्ष रहा है कि कारोबार की जिम्मेदारी और कंपनियों का नियंत्रण बच्चों को उनकी क्षमता के अनुसार दिया गया तथा बंटवारे में कंपनियों की वैल्यूएशन का ध्यान रखा गया. वहीं, लक्ष्मी और मल्लिका का कहना है कि कारोबारी जिम्मेदारी सौंपना और संपत्ति का मालिकाना हक तय करना अलग-अलग बातें हैं. यही इस विवाद का मुख्य मुद्दा है