Kim Jong Un Death News Fact Check: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की मौत और कोमा में जाने की खबरों के बीच सरकारी मीडिया ने उनकी नई तस्वीरें जारी की हैं. इन तस्वीरों में किम जोंग उन बच्चों के जूते और महिलाओं के कपड़ों की प्रदर्शनी का निरीक्षण करते नजर आ रहे हैं. एक तस्वीर में वह गुलाबी रंग का छोटा जूता देखते दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, इन तस्वीरों के सामने आने के बावजूद उनकी मौत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रहे दावों पर उत्तर कोरिया की सरकार ने सीधे तौर पर कोई बयान नहीं दिया है.
गुलाबी जूते और महिलाओं के कोट देखते दिखे किम जोंग उन
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के मुताबिक, किम जोंग उन ने सोमवार को जूते और कपड़ों की प्रदर्शनी का दौरा किया. जारी तस्वीरों में वह अधिकारियों से बातचीत करते और प्रदर्शनी में रखे सामान को देखते दिखाई दे रहे हैं. एक तस्वीर में वह एक महिला के हाथ में रखे गुलाबी जूते को झुककर देखते हैं. दूसरी तस्वीर में वह अधिकारियों की ओर हाथ फैलाकर कुछ कहते नजर आते हैं. वहीं, एक अन्य तस्वीर में वह पुतले पर रखे महिलाओं के कोट की बांह देखते दिखाई देते हैं. हालांकि, इन तस्वीरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि इन्हें वास्तव में कब लिया गया था.
🚨🇰🇵 Kim Jong Un PROOF-OF-LIFE or a BODY DOUBLE? Unverified claims that the North Korean dictator died of a brain hemorrhage made their rounds and gained traction on social media. So, what does any repressive, isolated, authoritarian state do when its leadership is put into question? Release photos of the Dear Leader and his daughter inspecting children’s shoes VERY CLOSELY. Maybe he has tiny feet? Source: NYP / Writer: Marie https://t.co/rNyx1jcNbB
— Mario Nawfal (@MarioNawfal) October 20, 2026
कैसे शुरू हुई किम जोंग उन की मौत की अफवाह?
किम जोंग उन की मौत की अफवाहें तब तेज हुईं, जब अमेरिका में रहने वाले चीनी असंतुष्ट वानजुन शी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट किए. उन्होंने दावा किया कि किम जोंग उन को ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके बाद वह कोमा में चले गए और उनकी मौत हो गई. उन्होंने यह भी दावा किया कि किम की बहन किम यो जोंग ने सत्ता संभाल ली है. हालांकि, इन दावों के समर्थन में कोई मेडिकल रिकॉर्ड, विश्वसनीय प्रत्यक्षदर्शी या स्वतंत्र रूप से सत्यापित सबूत सामने नहीं आया है.
चीन की सेना भेजने का भी किया गया दावा
सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि उत्तर कोरिया में सत्ता परिवर्तन की आशंका के बीच चीन ने प्योंगयांग में 9,000 सैनिक भेजे हैं. साथ ही, किम की बहन और उनकी बेटी किम जू ए के बीच उत्तराधिकार को लेकर संभावित तनाव की बात कही गई. हालांकि, चीन की सेना की तैनाती और सत्ता संघर्ष से जुड़े इन दावों की भी पुष्टि नहीं हुई है.
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी अफवाहें
साल 2020 में भी किम जोंग उन की सेहत को लेकर ऐसी ही अटकलें लगी थीं. उस समय दक्षिण कोरिया के पूर्व सांसद और उत्तर कोरिया से भागकर आए जी सियोंग हो ने उनकी मौत का दावा किया था. बाद में किम सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए और जी ने अपने गलत दावे के लिए माफी मांगी थी.
फिलहाल क्या है सच्चाई?
किम जोंग उन की मौत या कोमा में होने की खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सरकारी मीडिया की ओर से जारी नई तस्वीरें उनके सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी देती हैं, लेकिन तस्वीरों की तारीख और उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि जरूरी है. इसलिए सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को फिलहाल सच मानना उचित नहीं होगा.