Diwali Shopping: दिवाली पर खरीदारी के लिए लोग पहले से तैयारी करते हैं, लेकिन हर सामान खरीदने का तरीका अलग होता है. Snapchat और GWI की संयुक्त स्टडी के मुताबिक, Gen Z इलेक्ट्रॉनिक्स खरीदने से पहले खूब रिसर्च करती है, जबकि क्विक कॉमर्स के जरिए मिठाई, पूजा सामग्री और सजावट का सामान तुरंत मंगाना पसंद करती है. सर्वे में यह भी सामने आया कि 71 फीसदी Gen Z ग्राहक दिवाली पर नया फोन खरीदने का इरादा रखते हैं, जबकि 68 फीसदी कपड़े खरीदने की योजना बना रहे हैं.
इलेक्ट्रॉनिक्स खरीदने से पहले करती है प्लानिंग
स्टडी के अनुसार, 55 फीसदी Gen Z ग्राहक दिवाली से पहले ही इलेक्ट्रॉनिक्स खरीदने की योजना बना लेते हैं. वहीं, 52 फीसदी लोग खरीदारी से पहले परिवार या दोस्तों से सलाह लेते हैं. करीब 50 फीसदी ग्राहक प्रोडक्ट के बारे में रिसर्च करते हैं, जबकि 45 फीसदी कीमत, क्वालिटी और फीचर्स के आधार पर अलग-अलग विकल्पों की तुलना करते हैं. इससे पता चलता है कि महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदते समय युवा सोच-समझकर फैसला लेना पसंद करते हैं.
ब्यूटी प्रोडक्ट्स में सोशल मीडिया का असर
ब्यूटी और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स खरीदने में भी पहले से तैयारी की भूमिका रहती है. स्टडी के मुताबिक, 53 फीसदी Gen Z ग्राहक दिवाली से पहले अपनी खरीदारी की योजना बना लेते हैं. वहीं, 49 फीसदी नए प्रोडक्ट्स के लिए प्रेरणा तलाशते हैं और 45 फीसदी दूसरे लोगों की राय देखते हैं. करीब 29 फीसदी ग्राहक स्टोर में किसी प्रोडक्ट की तस्वीर या वीडियो अपने परिवार और दोस्तों को भेजकर उनकी सलाह लेते हैं.
क्विक कॉमर्स पर मिठाई और पूजा का सामान
दिवाली के दौरान जरूरत का सामान जल्दी मंगाने के लिए क्विक कॉमर्स भी लोकप्रिय विकल्प है. स्टडी के अनुसार, 61 फीसदी ग्राहक इसके जरिए परिवार के लिए दिवाली का सामान खरीदते हैं. इनमें 74 फीसदी स्नैक्स और मिठाई, 65 फीसदी पूजा सामग्री, 64 फीसदी फूल और सजावट का सामान तथा 61 फीसदी दीये और मोमबत्तियां खरीदते हैं.
कपड़ों की खरीदारी में भी आगे Gen Z
दिवाली पर फैशन की खरीदारी को लेकर भी युवाओं में उत्साह है. स्टडी के मुताबिक, 68 फीसदी Gen Z ग्राहक कपड़े खरीद रहे हैं या खरीदने का इरादा रखते हैं. इनमें 46 फीसदी पहले से खरीदारी की योजना बनाते हैं, जबकि 49 फीसदी लोग प्लानिंग के साथ अचानक भी कपड़े खरीद लेते हैं. वहीं, 43 फीसदी ग्राहक दिवाली से कम से कम एक महीने पहले कपड़ों की तैयारी शुरू कर देते हैं. Snapchat के इंडिया एड सॉल्यूशंस लीड याग्नेश रवि के मुताबिक, Gen Z खरीदारी से पहले प्रोडक्ट देखती है, जानकारी जुटाती है और दोस्तों या परिवार की राय लेती है. ऐसे में ब्रांड्स के लिए युवाओं से जुड़ने के लिए उनकी बातचीत और खरीदारी के फैसलों को समझना जरूरी है.