Raw Mango Pudina Chutney Recipe: गर्मी के मौसम में आम खाने का अलग ही मज़ा होता है. कच्चे आम भी गर्मी के मौसम में चटनी में काफी इस्तेमाल किए जाते हैं. कच्चे आम और पुदीना से बनी चटनी का स्वाद तो लाजवाब होता है. इतना ही नहीं शरीर के लिए भी कच्चे आम-पुदीना की चटनी बेहद गुणकारी होती है. कच्चे आम-पुदीना से बनी चटनी शरीर के लिए बेहद फायदेमंद होती है और इसका सेवन शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है. इसके साथ ही कच्चे आम-पुदीना की चटनी खाने से गर्मी में लू लगने का खतरा भी कम हो जाता है.
कच्चे आम-पुदीना की चटनी मिनटों में तैयार हो जाती है और इसे बनाना काफी आसान है. लंच या डिनर में कच्चे आम-पुदीना की चटनी को बनाकर खाया जा सकता है. ब्रेकफास्ट में या स्नैक्स के साथ भी कच्चे आम-पुदीना की चटनी को सर्व किया जा सकता है. आइए जानते हैं कच्चे आम-पुदीना की चटनी बनाने का आसान तरीका.
कच्चे आम-पुदीना की चटनी बनाने की सामग्री
घर कच्चे आम-पुदीना की चटनी बनाने के लिए करीब 6 चीजों की जरूरत होती है. इसलिए बस पुदीना, कच्चा आम (कैरी), हरी मिर्च कटी, सौफ, जीरा, काला नमक और स्वादानुसार सादा नमक चाहिए.
कच्चे आम-पुदीना की चटनी बनाने की विधि
घर पर स्वाद से भरपूर कच्चे आम-पुदीना की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले एक गुच्छा ताजा पुदीना लें. पुदीने की मोटी डंडियों को अलग कर केवल कोमल और हरी पत्तियों का इस्तेमाल करें. अब इन पत्तियों को दो से तीन बार साफ पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि उन पर लगी धूल-मिट्टी पूरी तरह निकल जाए. इसके बाद पत्तियों को छलनी में या किसी साफ कपड़े पर कुछ मिनट के लिए रख दें, जिससे अतिरिक्त पानी निकल जाए.
अब एक मध्यम आकार का कच्चा आम (कैरी) लें. उसका छिलका अच्छी तरह उतारें और गुठली निकालकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. यदि आम ज्यादा खट्टा हो, तो स्वाद संतुलित करने के लिए बाद में थोड़ा गुड़ या चीनी भी मिला सकते हैं.
अब मिक्सर जार में कच्चे आम के टुकड़े, पुदीने की पत्तियां, 2-3 हरी मिर्च, स्वादानुसार नमक, आधा चम्मच काला नमक, आधा चम्मच भुना जीरा पाउडर और चाहें तो 2-3 लहसुन की कलियां भी डाल सकते हैं. इसके बाद 1-2 बड़े चम्मच ठंडा पानी डालें और सभी सामग्री को बारीक पीस लें. यदि चटनी ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा-सा पानी और मिलाकर अपनी पसंद के अनुसार इसका गाढ़ापन सेट कर लें.
चटनी तैयार होने के बाद उसे एक सर्विंग बाउल में निकालें. चाहें तो ऊपर से थोड़ा भुना जीरा पाउडर या कुछ पुदीने की पत्तियां डालकर गार्निश करें. यह चटनी पराठे, पूरी, दाल-चावल, पकौड़े, समोसे, सैंडविच, टिक्की, कबाब या किसी भी स्नैक के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है.