Mumbai Local Train: मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर कर रही एक युवती के साथ ऐसी खौफनाक घटना हुई, जिसने महिला सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ट्रेन में छेड़छाड़ का विरोध करना युवती को इतना भारी पड़ा कि उसे अपना बायां हाथ गंवाना पड़ा. आरोप है कि बदसलूकी का विरोध करने पर आरोपी ने उसे नायगांव स्टेशन पर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच धक्का दे दिया. इसी दौरान उसका हाथ ट्रेन के पहिए के नीचे आ गया. गंभीर चोट के चलते डॉक्टरों को युवती का हाथ काटना पड़ा.
छेड़छाड़ से शुरू हुआ विवाद
घटना बोरीवली से विरार की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन की बताई जा रही है. पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, नायगांव स्टेशन पहुंचने पर आरोपी ने एक बार फिर उसके साथ अभद्रता की और गलत तरीके से छूने की कोशिश की. इससे नाराज युवती ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया और आरोपी पर अपनी चप्पल फेंककर मार दी. इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. आसपास मौजूद यात्रियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपनी चप्पल भी युवती की तरफ फेंक दी.
ट्रेन से दिया जोरदार धक्का
पीड़िता की शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब ट्रेन नायगांव स्टेशन पर रुकी हुई थी, तभी आरोपी उसके पास पहुंचा और दोनों हाथों से जोरदार धक्का दे दिया. धक्के से युवती का संतुलन बिगड़ गया और वह दो डिब्बों के बीच की जगह से सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरी. युवती किसी तरह प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चल पड़ी. अगले ही पल उसका बायां हाथ पहिए के नीचे आ गया. हादसे में कोहनी के पास से उसका हाथ कट गया.
भीड़ में फरार हुआ आरोपी
हादसे के बाद एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी और यात्रियों की मदद से घायल युवती को प्लेटफॉर्म पर लाया गया. वहीं, आरोपी मौके से फरार हो गया. हालांकि पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी नायगांव का ही रहने वाला है. बता दें कि शुरुआत में ये मामला हादसे से संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया था लेकिन युवती के परिजनों ने हत्या का प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कराया.
ये भी पढ़ें: Caught on CCTV: ट्रॉली के पीछे से अचानक निकली क्रेटा, सामने से आ रही स्कॉर्पियो-N से भिड़ी; देखें वीडियो