‘तुम सबसे बदसूरत…’ अपरा मेहता से शादी खत्म करना चाहते थे दर्शन जरीवाला, सालों बाद सुनाई थी दर्दनाक कहानी
Apara Mehta: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस अपरा मेहता ने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी शादी और उसके टूटने का कारण बताया था. उन्होंने अपने पति और एक्टर दर्शन जरीवाला से अलग होने के किस्से पर खुलकर बात की. इसके कारण उनका दिल टूट गया था और ये सब ठीक उसी दिन हुआ, जिस दिन उनकी एनिवर्सरी थी. इसके बाद से वो दोनों अलग रहने लगे थे. अलग होने के बाद एक्ट्रेस ने बताया था कि उनके पति ने अलग होने से पहले एक्ट्रेस को बदसूरत कहा और कहा कि वे उनके साथ नहीं रहना चाहते. इस बात ने एक्ट्रेस का दिल बुरी तरह से तोड़ दिया था.
अपरा मेहता के करियर की शुरुआत
बता दें कि अपरा मेहता ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1998 में 'अल्पविराम' से की थी. उन्हें एकता कपूर के हिट टीवी शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' ने पहचान दिलाई थी. स्मृति ईरानी स्टारर क्योंकि सास भी कभी बहू थी में अपरा मेहता ने सविता मनसुख विरानी का किरदार निभाया था.
वेडिंग एनिवर्सरी पर तोड़ी शादी
अब अपरा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. दिग्गज अभिनेत्री ने हाल ही में अपने पति और एक्टर दर्शन जरीवाला से अलग होने के किस्से पर खुलकर बात की थी. अपरा मेहता ने 'हाउटरफ्लाई' से बातचीत में बताया था कि दर्शन जरीवाला उनसे प्यार नहीं करते थे और इसके कारण शादी खत्म करना चाहते थे. उनकी वेडिंग एनिवर्सरी पर दर्शन ने उनसे कहा कि वे उनके साथ नहीं रहना चाहते.
'तुम मेरी जिंदगी की सबसे बदसूरत...'
उन्होंने बताया था कि एक शो के लिए वे अमेरिका गई थीं. वहां से उन्होंने अपनी एनिवर्सरी के समय अपने पति दर्शन जरीवाला को कॉल किया. इसी दौरान दर्शन ने कहा कि उन्हें बात करनी है. जब वे शो खत्म करके वापस लौटीं, तो उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि हमें अलग रहना चाहिए. मेरे दिल में तुम्हारे लिए प्यार खत्म हो चुका है. अब मैं तुमसे प्यार नहीं करता और तुम मेरी जिंदगी की सबसे बदसूरत महिला हो.
एक दिन घर छोड़कर चले गए दर्शन
उन्होंने कहा कि वो उस समय नींद में थीं और जाकर सो गईं. जब झपकी से उठी, तो वो उस बात का मतलब ढूंढ रही थीं कि आखिर दर्शन ने ऐसा क्यों कहा? उन्होंने कहा कि इसके बाद एक दिन वो अचानक घर से चले गए, जो उनका घर था, उसके दरवाजे आज भी खुले हुए हैं.
अब तक नहीं लिया तलाक
उन्होंने आगे कहा कि मैं ये जानती हूं हम दोनों को एक दूसरे के जैसा कोई नहीं मिलेगा. जानकारी के अनुसार, दोनों ने अब तक एक दूसरे से आधिकारिक रूप से तलाक नहीं लिया है. अगर अपरा के वर्कफ्रंट की बात करें, तो वो इन दिनों स्मृति ईरानी स्टारर ''क्योंकि सास भी कभी बहू थी' 2' में नजर आ रही हैं. वे एक बार फिर सविता मनसुख विरानी का किरदार निभा रही हैं.