इस हफ्ते OTT पर होगा धमाल, ‘दिलवाली दिवाली’ से लेकर ‘आई एम गेम’ तक गदर मचाएंगी ये फिल्में
OTT Releases This Week: अगर आप भी हर हफ्ते नई फिल्मों और वेब सीरीज का इंतजार करते हैं, तो इस बार आपके लिए मनोरंजन का शानदार मौका है. नवंबर के इस हफ्ते OTT प्लेटफॉर्म्स पर एक से बढ़कर एक फिल्में और शो दस्तक देने वाले हैं. कहीं दिवाली के मौके पर परिवार और रिश्तों की मजेदार कहानी देखने को मिलेगी, तो कहीं बदले, रहस्य और रोमांच का जबरदस्त तड़का लगेगा. अक्षय कुमार और सैफ अली खान की ‘हैवान’ से लेकर दुलकर सलमान की ‘आई एम गेम’ तक, इस हफ्ते एंटरटेनमेंट की पूरी तैयारी है. तो चलिए जानते हैं कि कौन सी फिल्म किस दिन और किस OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है.
दिलवाली दिवाली
5 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर दिलवाली दीवाली रिलीज होने वाली है.इसमें कहानी सिक्का परिवार की है, जो त्योहार मनाने के लिए एक साथ आता है लेकिन परिवार के हर सदस्य की नजर में अच्छी जिंदगी का मतलब अलग-अलग है. इसी सोच के टकराव से कभी हंसी तो कभी भावुक कर देने वाले पल सामने आते हैं. फिल्म में मिहिर आहूजा, मनोज पाहवा, नीलू कोहली और ऑरा भटनागर नजर आएंगे. इसे रितु मागो ने लिखा है और रितेश मेनन ने डायरेक्ट किया है.
आई एम गेम
6 नवंबर को जियोहॉटस्टार पर दुलकर सलमान के फैंस के लिए 'आई एम गेम' खास होने वाली है. यह मलयालम रिवेंज थ्रिलर एक निडर जुआरी की कहानी दिखाती है, जिसकी जिंदगी एक कार एक्सीडेंट के बाद पूरी तरह बदल जाती है. इसके बाद उसकी जिंदगी में ऐसे मोड़ आते हैं, जो कहानी को रोमांचक बना देते हैं. फिल्म का निर्देशन नहास हिदायत ने किया है.
हैवान
6 नवंबर को सोनीलिव पर अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी 'हैवान' में दर्शकों को सस्पेंस और रोमांच से भरपूर कहानी दिखाने वाली है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस थ्रिलर की कहानी एक दृष्टिहीन व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिस पर हत्या का शक होता है. अब उसे अपनी बेगुनाही साबित करने के साथ-साथ असली कातिल का भी पता लगाना है. फिल्म में आगे क्या होगा, यही इसकी सबसे बड़ी दिलचस्पी है.
ब्लैक डव्स
5 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर ब्लैक डव्स रिलीज होने वाली है. अगर आपको जासूसी और थ्रिलर कहानियां पसंद हैं, तो 'ब्लैक डव्स' आपकी वॉचलिस्ट में शामिल हो सकती है. इसकी कहानी हेलेन वेब के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पारिवारिक जिंदगी और एक हत्यारे के रूप में अपने काम को हमेशा अलग रखती आई है लेकिन जब उसके पति का राजनीतिक करियर आगे बढ़ने लगता है, तो उसके लिए दोनों दुनियाओं के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो जाता है.
लास्ट मैन इन टॉवर
6 नवंबर को जी5 पर मनोज बाजपेयी, बोमन ईरानी और दिव्या दत्ता स्टारर 'लास्ट मैन इन टॉवर' भी इस हफ्ते रिलीज हो रही है. इसकी कहानी एक ऐसे शख्स की है, जो अपने घर से बेहद प्यार करता है और उसे बचाने के लिए पूरी हाउसिंग सोसाइटी के खिलाफ खड़ा हो जाता है. घर, रिश्तों और टकराव की यह कहानी दर्शकों को बांधे रखने का दम रखती है.
द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट
6 नवंबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' रहस्य और डर का नया अनुभव लेकर आ रही है. फिल्म की कहानी व्वान देवी से जुड़ी है, जिन्हें एक ऐसे गांव की रक्षक माना जाता है, जहां सूर्यास्त के बाद जंगल में जाना सख्त मना है. कहानी में एक नास्तिक इंजीनियर की एंट्री होती है, जिसका सामना जंगल के एक प्राचीन श्राप से होता है. इसके बाद शुरू होता है डर और रहस्य का रोमांचक सफर.
अ डॉग्स परफेक्ट क्रिसमस
4 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर अ डॉग्स परफेक्ट क्रिसमस रिलीज होने वाली है. अगर आप हल्की-फुल्की और फैमिली एंटरटेनमेंट वाली फिल्म देखना चाहते हैं, तो 'अ डॉग्स परफेक्ट क्रिसमस' अच्छा विकल्प हो सकती है. इसकी कहानी एक ऐसे परिवार की है, जिसके बीच छुट्टियों के दौरान सबकुछ गड़बड़ होने लगता है. तभी एक समझदार आवारा पिल्ला उनकी जिंदगी में आता है और बिखरे हुए रिश्तेदारों को एक साथ लाने की कोशिश करता है.
मोटू पतलू एंड द मिस्ट्री ऑफ नागमणि
8 नवंबर को जियोहॉटस्टार पर बच्चों के पसंदीदा मोटू और पतलू एक बार फिर नए रोमांच के साथ लौट रहे हैं. इस बार दोनों की मुलाकात नागमणि के रहस्य से होने वाली है. कहानी में जॉन एक कीमती हीरे का लॉकेट चुरा लेता है. उसका पीछा करते हुए मोटू और पतलू गलती से एक टाइम पोर्टल में पहुंच जाते हैं और सीधे 900 साल पुराने दौर में चले जाते हैं. अब अतीत में उनके सामने कौन-कौन सी मुश्किलें आएंगी, यह देखना दिलचस्प होगा.