इंडिया न्यूज, श्रीनगर :
Militancy in JandK सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियां जम्मू-कश्मीर में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी हैं। दरअसल, सुरक्षा बलों ने घाटी में पाकिस्तान की ओर से भेजे आतंकियों के सफाए के लिए अभियान चला रखा है और गुरुवार को 20वें दिन जम्मू के पुंछ स्थित भाटा धुरियां के जंगलों में तलाश अभियान चलाया गया। इस दौरान आतंकियों को शरण देने के आरोप में तीन स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन्हें मिलाकर अब तक कुल 20 स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आतंकियों की धरपकड़ के लिए सुरक्षाबल ड्रोन की मदद भी ले रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ स्थानीय लोगों के आतंकियों को शरण देने के कई सबूत मिले थे। इसी को आधार बनाते हुए गुरुवार तीन लोगों को दबोचा गया। इनमें दो सगे भाई बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी इनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। अब तक गिरफ्तार किए गए 20 लोगों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं।
भाटा धुरियां के जंगलों में आतंकियों के खात्मे के लिए जारी सुरक्षाबलों के अभियान में अभी तक दो जेसीओ सहित तीन सैनिक शहीद हो चुके हैं जबकि जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो जवान सहित सेना का एक जवान घायल भी हुआ है। सेना का आतंक के खिलाफ जारी अभियान गत 8 अक्टूबर से जारी है।