भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. गंभीर ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिनमें वह अमित शाह को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट करते नजर आए. गंभीर ने मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताते हुए गृह मंत्री के समय और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया.
गंभीर की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब भारतीय क्रिकेट में BCCI के स्तर पर कई अहम बदलाव और चर्चाएं चल रही हैं. खासकर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के पद से हटने की खबर ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है. ऐसे में गंभीर और अमित शाह की मुलाकात की तस्वीरें सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि आखिर भारतीय क्रिकेट के गलियारों में चल रही हलचल के बीच इस मुलाकात का क्या मतलब है?
अजीत अगरकर नहीं चाहते कार्यकाल का विस्तार
भारतीय क्रिकेट में इस समय सबसे बड़ी चर्चाओं में से एक मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगरकर ने BCCI को अपने कार्यकाल का विस्तार नहीं लेने के बारे में बता दिया है. उनका मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर 2026 को समाप्त होने वाला है. BCCI अब नए मुख्य चयनकर्ता की तलाश की प्रक्रिया में है.
अगरकर ने जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष टीम की सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष का पद संभाला था. उनके कार्यकाल में भारतीय टीम ने 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी समेत कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं.
A warm meeting with Hon’ble Home Minister Shri @AmitShah ji. Grateful for his time and guidance. Wishing him continued good health and well-being. pic.twitter.com/gdMOXZ7rUp
— Gautam Gambhir (@GautamGambhir) September 21, 2026
गंभीर के कार्यकाल में टीम इंडिया ने जीती बड़ी ट्रॉफियां
गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली थी. उनके कार्यकाल में भारत ने 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती. इसके बाद 2026 में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया.
हालिया मुकाबलों में भी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है. अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की. सीरीज के आखिरी मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने महज 30 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया.
हालांकि, गंभीर के कार्यकाल में टीम इंडिया को कुछ मुश्किल दौर का सामना भी करना पड़ा. न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत को हार मिली, जबकि बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी टीम का प्रदर्शन काफी खराब रहा था.
अमित शाह से मुलाकात के बाद क्यों बढ़ी चर्चा?
गौतम गंभीर की अमित शाह से मुलाकात अपने आप में कोई असामान्य बात नहीं है. गंभीर पहले लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं और अमित शाह देश के केंद्रीय गृह मंत्री हैं. गंभीर ने भी अपनी पोस्ट में मुलाकात को लेकर सिर्फ आभार और शुभकामनाएं व्यक्त की हैं.
फिलहाल, गंभीर और अमित शाह की मुलाकात को BCCI के किसी संभावित फैसले से जोड़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
अमित शाह हैं जय शाह के पिता
आपको बताते चलें कि अमित शाह, ICC के मौजूदा चेयरमैन जय शाह के पिता हैं. जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला. इससे पहले वह 2019 से BCCI के मानद सचिव और 2021 से एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष रहे हैं. ICC की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, जय शाह का ICC चेयरमैन के रूप में कार्यकाल 1 दिसंबर 2024 से शुरू हुआ.