Bihar News: स्कूल की घंटी बजते ही, बच्चे हर रोज की तरह उत्साह के साथ अपनी कक्षाओं में पहुंचे. पढ़ाई के बीच जब दोपहर का समय हुआ तो सभी मासूम मिड-डे मील की कतार में लग गए. किसी को क्या पता था कि जिस भोजन को पेट भरने और ताकत देने के लिए परोसा जा रहा है, वही कुछ ही मिनटों में उनके लिए परेशानी का कारण बन जाएगा. यह मामला बिहार के खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड स्थित कन्या मध्य विद्यालय भूतौली का है.
यहां बच्चों ने जैसे ही मिड-डे मील खाना शुरू किया. कुछ देर बाद एक-एक कर कई छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगा. किसी को तेज पेट दर्द होने लगा, कोई उल्टियां करने लगा तो कई बच्चे बेचैनी से रोने लगे. देखते ही देखते स्कूल का माहौल घबराहट और अफरा-तफरी में बदल गया.
खाने में मिला मरा हुआ सांप
इसी दौरान भोजन की जांच की गई तो उसमें मरा हुआ सांप मिलने की बात सामने आई. यह खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया. परिजन बदहवास हालत में स्कूल पहुंचे. अपने बच्चों को दर्द से तड़पता देख उनका गुस्सा फूट पड़ा. स्कूल परिसर में लोगों ने जमकर विरोध किया और भोजन व्यवस्था में हुई लापरवाही पर सवाल उठाए.
20 से ज्यादा बच्चे बीमार
स्थिति गंभीर होती देख स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए करीब 20 से अधिक बच्चों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने सभी बच्चों का इलाज शुरू किया. राहत की बात यह रही कि समय पर इलाज मिलने से बच्चों की हालत पर काबू पाया जा सका.
इससे पहले भी सामने आया था मामला
यह पहली बार नहीं है जब बिहार के सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हों. कुछ ही दिन पहले सहरसा जिले के महिषी प्रखंड स्थित राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में भी ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया था. उस स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से ज्यादा बच्चे अचानक बीमार पड़ गए थे. जांच के दौरान एक छात्र की थाली में सांप का मरा हुआ बच्चा मिलने का दावा किया गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. भोजन करने के बाद बच्चों को पेट दर्द, चक्कर और उल्टियों की शिकायत होने लगी थी. हालात ऐसे बन गए कि महिषी स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों और उनके परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.