Supaul Car Accident: बिहार के सुपौल में एक बेकाबू कार ने अफरा-तफरी मचा दी. नेशनल हाईवे 327 E पर कटैया निर्मली चौक के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. पिपरा ब्लॉक इलाके में बजरंग बली मंदिर के पास झूलन महोत्सव के मौके पर स्थानीय गांव वाले भक्तिभाव से भजन-कीर्तन कर रहे थे. रात करीब 9 बजे पिपरा से सुपौल जा रही एक बेकाबू, तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. इस भयानक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य अपनी जान के लिए जूझ रहे हैं.
बेकाबू कार ने श्रद्धालुओं को रौंदा
झूलन महोत्सव के दौरान दर्जनों श्रद्धालु मंदिर परिसर के पास कीर्तन कर रहे थे. अचानक एक तेज रफ्तार कार ने वहां मौजूद छह लोगों को रौंद दिया. गाड़ी की स्पीड इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का भी समय नहीं मिला.
एक्सीडेंट में चार लोगों की मौत, दो घायल
- मृतक भुवनेश्वर यादव (कटैया वार्ड 11), तिलैया दास (65, वार्ड 12), राजो दास (40, वार्ड 12), और सुरेन यादव (35, वार्ड 15).
- गंभीर रूप से घायल कुशेश्वर यादव और रामचंद्र यादव (दोनों कटैया वार्ड 11 के रहने वाले), जिनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.
भीड़ ने ड्राइवर को बनायाबंधक
एक्सीडेंट से लोगों में गुस्सा फैल गया. सुपौल का रहने वाला कार मालिक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ लौट रहा था. गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को पकड़कर मृतक राजो दास के घर में बंद कर दिया. पुलिस के आने के बाद भी भीड़ भड़की रही और नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक पूरी तरह से जाम कर दिया.
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलने पर पिपरा थाना प्रभारी किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तुरंत शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया और घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया. पुलिस और प्रशासन की टीम ने गुस्साई भीड़ को शांत करने और बंधक बनाए गए ड्राइवर को छुड़ाने की कोशिश की.
कहां हुआ हादसा?
दरअसल, नेशनल हाईवे 327 E के किनारे बजरंग बली का मंदिर है. रात में वहां भजन-कीर्तन का प्रोग्राम रखा गया था. वहां लोगों की काफी भीड़ थी. कार के ड्राइवर ने स्पीड पर कंट्रोल खो दिया और छह लोगों को कुचल दिया. इनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह दर्दनाक हादसा पिपरा ब्लॉक के कटैया निर्मली चौक पर हुआ. स्थानीय लोगों ने बताया कि झूलन महोत्सव के लिए दर्जनों लोग भजन-कीर्तन गा रहे थे. इसी बीच पिपरा से सुपौल जा रही एक तेज रफ्तार, बेकाबू कार ने एक-एक करके छह लोगों को कुचल दिया.