Bihar News: वैशाली के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की रात एक भीषण नाव हादसा हो गया. वैशाली में नाव पलटने से 11 बच्चों की डूबकर मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया.
खबरों के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां भोज था. इसी भोज में शामिल होने के लिए एक छोटी नाव पर करीब 15 से 20 बच्चे सवार होकर ढाब के उस तरफ जा रहे थे.
कई घंटों तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
भोज के लिए जाते समय रास्ते में ही बीच ढाब में नाव डूब गई. नाव डूबने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. घटना की सूचना मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत और आसपास के गांव के लोग घटनास्थल पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया और घंटे भर की मशक्कत के बाद कई बच्चों को बाहर निकाला गया. इसके बाद वहां मौजूद लोगों की मदद से सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए हैं तथा अन्य लापता लोगों की तलाश में राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नाव काफी छोटी थी और क्षमता से अधिक लोग उस पर सवार थे, जिसके कारण यह बड़ा हादसा घटित हुआ.
PHC में अफरा-तफरी
नाव हादसे में डूबे हुए लोगों को निकालकर स्थानीय लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर पहुंचे, जहां डॉक्टर द्वारा जांच के बाद 11 बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया. इस दौरान पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही. मृतकों के परिवार वालों का रोते-रोते बुरा हाल है. घटना की सूचना पर राघोपुर प्रखंड में कोहराम मच गया. कई गांव से लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर एवं रामपुर श्यामचंद घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है. आगे की कार्रवाई जारी है.