Delhi Murder Case: दिल्ली में एक नाइटक्लब में मामूली-सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक परिवार की खुशियां उजड़ गईं. आरोप है कि एक महिला पर बीयर गिरने के बाद क्लब में मौजूद बाउंसरों ने 29 साल के दलजीत को बेरहमी से पीटा. मामला सिर्फ बाउंसरों तक नहीं रुका, क्लब के कुछ वेटर भी कथित तौर पर मारपीट में शामिल हो गए. डंडों और कांच की बोतलों से हुए हमले में दलजीत को गंभीर चोटें आईं. बाद में उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
दोस्तों के साथ नाइटक्लब गया था दलजीत
यह घटना शनिवार देर रात दिल्ली के सराय रोहिल्ला थाना क्षेत्र में स्थित एक नाइटक्लब की बताई जा रही है. दलजीत पेशे से ड्राइवर था और रघुवीर नगर में अपने परिवार के साथ रहता था. परिवार में उसकी पत्नी, आठ साल का बेटा और पिता हैं. रोजमर्रा की जिंदगी में अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाला दलजीत उस रात दोस्तों के साथ नाइटक्लब गया था.
#WATCH | Delhi: A 29-year-old man, Daljeet, was allegedly beaten to death by the bouncers of a club. Family members and friends of the deceased who were present with him at the time of the incident allege that the incident happened after some beer, being consumed by the deceased, spilled on a woman accompanying the owner of the club. Delhi Police say, “All accused have been arrested; an FIR has been registered.” (12.10.2026)
— ANI (@ANI) October 13, 2026
महिला पर गिरी बीयर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्लब में दलजीत के साथ आए दोस्तों में से एक के हाथ से बीयर एक महिला पर गिर गई. इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला बढ़ गया और क्लब के बाउंसर कथित तौर पर दलजीत और उसके दोस्तों से उलझ पड़े. बताया जा रहा है कि दोस्तों ने अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ.
डंडों और कांच की बोतलों से हमला
आरोप है कि बाउंसरों ने दलजीत और उसके दोस्तों को पीटना शुरू कर दिया. इस दौरान क्लब के कुछ वेटर भी कथित तौर पर मारपीट में शामिल हो गए. हमले में डंडों और कांच की बोतलों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है.हालात इतने बिगड़ गए कि जब दलजीत और उसके दोस्तों ने वहां से निकलने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें वापस अंदर खींच लिया और फिर से मारपीट की. इस हमले में दलजीत को सबसे ज्यादा चोटें आईं.
घर पहुंचते ही दरवाजे पर गिर पड़ा युवक
मारपीट के बाद दलजीत के दोस्त उसे लेकर रघुवीर नगर स्थित उसके घर पहुंचे लेकिन घर पहुंचने के बाद वह दरवाजे के पास ही गिर पड़ा. इसके बाद उसे तुरंत गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. दलजीत की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं अन्य संदिग्धों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.