Delhi News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रहने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है. दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में फायरिंग, ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग करने की साजिश रचने वाले शहजाद भट्टी गैंग के दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों बदमाश पाकिस्तान और आईएसआई के इशारों पर काम करने वाले गैंगस्टर शहजाद भट्टी के निर्देश पर काम करते थे. फिलहाल दोनों को 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज गया है. मामले की जांच जारी है.
एक आरोपी राजवीर ग्वालियर जिले के डबरा क्षेत्र का रहने वाला है, वहीं दूसरा आरोपी विवेक बंजारा भी ग्वालियर का ही रहने वाला है. राजवीर को 18 अप्रैल को दिल्ली के सराय काले खां इलाके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि विवेक बंजारा को 16 अप्रैल को ग्वालियर के डबरा से पकड़ा था.
मोबाइल में आपत्तिजनक वीडियो मिले
पुलिस ने राजवीर के कब्जे से एक पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस बरामद और दो मोबाइल फोन जब्त किए थे. मोबाइल में आपत्तिजनक वीडियो और वॉइस नोट्स पुलिस को मिले हैं. वॉइस नोट्स में दिल्ली स्पेशल सेल को खुफिया जानकारी मिली थी कि शहजाद भट्टी और उसके साथी दिल्ली-एनसीआर में टारगेट किलिंग और हमलों की साजिश रच रहे हैं.
पूछताछ में ये भी हुआ खुलासा दोनों आरोपियों को सोशल मीडिया के जरिए ‘राना भाई’ नाम के व्यक्ति ने भर्ती किया था. मार्च में भट्टी ने राजवीर को हथियार लाने के लिए अहमदाबाद भेजा था. इसके बाद 9 अप्रैल को दोनों अमृतसर गए और वहां से हथियार लेकर आए थे.
पुलिस को मिली थी खुफिया जानकारी
दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी और आईएसआई के अन्य एजेंट, भारत के कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में ग्रेनेड हमले और लक्षित हत्याओं को अंजाम देने की आपराधिक साजिश रच रहे हैं.
उन्होंने बताया कि इसके बाद पिछली 31 मार्च को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि राजवीर शहजाद भट्टी के निर्देशानुसार दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के किसी प्रमुख होटल पर गोलीबारी करने की फिराक में था. हालांकि, अपने इस काम को अंजाम देने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया.