Gujarat News: गुजरात के जंबूसर में एक युवक ने युवती को कथित तौर पर प्रेम जाल में फंसाया. इसके बाद उसे घर से ले गया. बाद में फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट तैयार कराया. पुलिस ने इस मामले में करजण तालुका के क्रिया गांव निवासी फैजल मजीद दीवान को गिरफ्तार किया है. कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस अब मामले में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
घर से गायब हुई 24 साल की युवती
मामला जंबूसर के शिक्षक किरीटभाई राठौड़ की 24 वर्षीय बेटी से जुड़ा है. परिजनों के मुताबिक, युवती को आरोपी ने कथित तौर पर प्रेम संबंध के जरिए अपने संपर्क में लिया और फिर उसे घर से ले गया. बताया जा रहा है कि युवती अपने साथ करीब 6 तोला सोने का हार भी ले गई थी. युवती के घर से जाने के बाद परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. जांच के दौरान पुलिस को एक कथित मैरिज सर्टिफिकेट के बारे में जानकारी मिली, जिसके आधार पर यह दावा किया जा रहा था कि युवती और आरोपी की शादी हो चुकी है.
जांच में फर्जी निकला मैरिज सर्टिफिकेट
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मामा की ओर से दिखाया गया मैरिज सर्टिफिकेट जांच के लिए वडोदरा के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय भेजा गया. वहां रिकॉर्ड की जांच की गई तो सर्टिफिकेट फर्जी पाया गया. इसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया. पुलिस ने कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने और युवती को ले जाने के आधार पर जांच शुरू कर दी. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सर्टिफिकेट किसने तैयार किया और इसमें किन लोगों की भूमिका थी?
आरोपी गिरफ्तार, दो दिन की रिमांड
जंबूसर पुलिस ने मामले में आरोपी फैजल मजीद दीवान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस रिमांड मिली है. जंबूसर के DYSP पी. एल. चौधरी के मुताबिक, पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच करेगी.
ये भी पढ़ें: ‘4 सितंबर को पूरा देश पागल… ‘Mirzapur: The Movie’ के भौकाल पर क्या बोले बब्बन यादव