Haryana Weather Update: हरियाणा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है. प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि 27 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होकर तेज बारिश करा सकता है.
शुक्रवार को सिरसा, सोनीपत, पानीपत, जींद, महेंद्रगढ़, रोहतक और फतेहाबाद समेत कई इलाकों में बारिश हुई. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया.
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार आने वाले समय में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, जींद और कैथल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
27 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मानसून की गतिविधियां थोड़ी कमजोर रह सकती हैं. हालांकि 27 जुलाई से प्रदेश में मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जिसके बाद कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.
क्यों बदल रहा है मौसम?
फिलहाल मानसून ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है, जिससे हरियाणा में बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.