Panchkula School Incident: हरियाणा के पंचकूला के एक निजी स्कूल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां तीसरी क्लास में पढ़ने वाले एक छात्र ने KG में पढ़ने वाली 4 साल की मासूम बच्ची को बुरी तरह पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. बच्ची की हालत इतनी नाजुक है कि उसे PGI चंडीगढ़ रेफर करना पड़ा है. परिजनों के मुताबिक, आरोपी छात्र बच्ची को यह कहकर ले गया कि उसके पिता उसे बुला रहे हैं. इस बहाने वह मासूम को स्कूल की पहली मंजिल पर सुनसान जगह पर ले गया. वहाँ उसने बच्ची पर हमला करना शुरू कर दिया. आरोप है कि पहले उसने लातों से मारा, फिर पत्थर और गमले से सिर और चेहरे पर कई वार किए.
बेहोश होने के बाद भी नहीं रुका हमलावर
इस घटना की सबसे डराने वाली बात यह है कि बच्ची के बेहोश होने के बाद भी हमला नहीं रुका. बताया जा रहा है कि आरोपी उसे काफी देर तक घसीटता रहा और पत्थर से मारता रहा. जब बच्ची खून से लथपथ बेसुध पड़ी थी, तब वही छात्र उसके परिजनों को उसे दिखाने के लिए मौके पर लेकर पहुंचा. बच्ची के चाचा फाजिल ने बताया कि जब वे स्कूल में बच्ची को ढूंढ रहे थे, तो यही लड़का उन्हें उसके पास ले गया.
स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल
इस पूरी घटना ने स्कूल की सुरक्षा और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों का पूछना है कि अगर स्कूल में हर जगह CCTV लगे हैं और उसकी निगरानी प्रिंसिपल के कमरे में होती है, तो इतनी देर तक चल रही मारपीट किसी को दिखी क्यों नहीं? अगर समय पर किसी टीचर या स्टाफ की नजर पड़ जाती, तो बच्ची को इतनी गंभीर चोटें नहीं आतीं. स्कूल परिसर के अंदर ऐसी घटना होना प्रशासन की बड़ी लापरवाही दिखाता है.
ये भी पढ़ें: Caught on camera:पुलिस वाले को जकड़ भाभी ने किया ऐसा कांड, देख फटी रह जाएंगी आंखे; देखें वीडियो
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार टीम के साथ स्कूल पहुंचे. पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और आरोपी छात्र के माता-पिता से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतनी छोटी उम्र के बच्चे ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. फिलहाल बच्ची को पहले सेक्टर-6 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.