Nita Ambani Bharatnatyam: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी एक बार फिर अपने पुराने शौक भरतनाट्यम के जरिए मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने जा रही हैं. इस बार उनकी प्रस्तुति सिर्फ नृत्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे पिता की यादों और भारतीय संस्कृति से जुड़ा एक भावुक रिश्ता भी है. नीता अंबानी ने अपनी आगामी प्रस्तुति की झलक सोशल मीडिया पर साझा की है. वह ‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन’ में ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन पर नृत्य करती नजर आएंगी. उन्होंने बताया कि बचपन में उनके पिता ने ही उन्हें नृत्य सीखने के लिए प्रेरित किया था. इस खास प्रस्तुति के लिए नीता अंबानी का पारंपरिक लुक भी चर्चा में है. वह रोज पिंक रंग के खूबसूरत लहंगे और पारंपरिक सोने के गहनों में नजर आईं.
पिता ने दिलाई थी भरतनाट्यम की पहली सीख
नीता अंबानी का भारतीय शास्त्रीय नृत्य से जुड़ाव बचपन से रहा है. उन्होंने कम उम्र में ही भरतनाट्यम सीखना शुरू कर दिया था. उनके इस सफर में पिता की अहम भूमिका रही. नीता ने साझा किए गए वीडियो में बताया कि उनके पिता ही उन्हें पहली बार डांस क्लास लेकर गए थे. महज 9 साल की उम्र में उन्होंने मंच पर अपनी पहली नृत्य प्रस्तुति दी थी. नीता के मुताबिक, जब भी वह मंच पर नृत्य करती थीं, उनके पिता दर्शकों के बीच बैठकर उन्हें देखा करते थे. उनकी आंखों में बेटी के लिए गर्व साफ दिखाई देता था. आज भी वे यादें नीता के दिल के करीब हैं. यही वजह है कि उनकी नई प्रस्तुति पिता को समर्पित एक भावुक श्रद्धांजलि भी है.
रघुपति राघव राजा राम भजन प्रस्तुति के लिए चुना
नीता अंबानी ने अपनी आगामी प्रस्तुति के लिए ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन चुना है. यह भजन उनके लिए खास भावनात्मक और आध्यात्मिक महत्व रखता है. उन्होंने बताया कि इस भजन से उन्हें अपने पिता के साथ बिताए बचपन के पल याद आते हैं. उनके पिता उनकी हर प्रस्तुति में मौजूद रहते थे और उनका उत्साह बढ़ाते थे. नीता के लिए नृत्य केवल मंच पर कला दिखाने का माध्यम नहीं है. वह इसे प्रार्थना और ईश्वर से जुड़ने का एक जरिया भी मानती हैं. भरतनाट्यम के प्रति उनका लगाव और आध्यात्मिक सोच उनकी इस प्रस्तुति को एक अलग पहचान देती है. ‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन’ में उनकी यह प्रस्तुति भारतीय सांस्कृतिक विरासत और शास्त्रीय कला परंपरा को समर्पित होगी.
रोज पिंक लहंगे में दिखा नीता अंबानी का शाही अंदाज
नीता अंबानी की नृत्य प्रस्तुति के साथ उनका पहनावा भी खास चर्चा में है. इस मौके पर उन्होंने हल्के कपड़े से तैयार रोज पिंक रंग का खूबसूरत लहंगा पहना. लहंगे पर सुनहरे रंग की बारीक कढ़ाई की गई है, जबकि इसके निचले हिस्से में गहरे लाल और सुनहरे रंग का जरी-ब्रोकेड बॉर्डर दिया गया है. इस बॉर्डर ने लहंगे को पारंपरिक और भव्य लुक दिया. इसके साथ उन्होंने मैचिंग गुलाबी दुपट्टा कैरी किया, जिसे साड़ी के पल्लू की तरह खूबसूरती से ओढ़ा गया था. दुपट्टे के किनारों पर सुनहरी गोटा-पट्टी का काम इसकी खूबसूरती बढ़ा रहा था.
सोने के झुमके, चूड़ियां और मरून बिंदी ने पूरा किया पारंपरिक लुक
अपने गुलाबी लहंगे के साथ नीता अंबानी ने पारंपरिक सोने के आभूषण पहने. उनके कानों में सोने के झुमके थे और दोनों हाथों में गुलाबी, मोतियों तथा सोने की चूड़ियों का सेट नजर आया. इसके अलावा उन्होंने फूलों की डिजाइन वाली सोने की कॉकटेल रिंग भी पहनी. मेकअप को उन्होंने ज्यादा भड़कीला रखने के बजाय हल्का और सादगी भरा रखा. आंखों में काजल, गालों पर ब्लश और होंठों पर हल्की गुलाबी लिपस्टिक उनके लुक को निखार रही थी. बालों को बीच से मांग निकालकर हल्के कर्ल्स और ब्लोआउट स्टाइल में संवारा गया था. माथे पर लगी मरून बिंदी ने उनके पारंपरिक अंदाज को पूरा किया.