Indore Navin Patidar Murder Case: इंदौर में युवक नवीन पाटीदार की हत्या में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार करने के साथ पूरे हत्याकांड की वजह भी सार्वजनिक कर दी है. यह कुल मिलाकर सोनम रघवंशी जैसा मामला निकला. नवीन पाटीदार की पत्नी ने अपने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई थी. इस मामले में उसका बॉयफ्रेंड भी शामिल है. मामले में मृतक की पत्नी भारती शामिल है.
पुलिस ने पत्नी के अलावा शूटर सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि पत्नी का प्रेमी फिलहाल गिरफ्तार से बाहर है. यहां पर बता दें कि इंदौर में शादीशुदा युवक नवीन पाटीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. इसके बाद शक के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस की सख्ती के चलते पत्नी टूट गई और तोते की तरह पूरी साजिश का खुलासा कर दिया.
संदिग्ध हालात में हुई थी नवीन पाटीदार की मौत
आखिरकार नवीन की मौत के मामले का पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया. पुलिस सबूतों और गवाहों के आधार पर पाया कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कराई थी.
दरअसल, 12 अप्रैल, 2026 को नखराली ढाणी के सामने नवीन पाटीदार का शव मिला था. शुरुआत में यह मामला सड़क हादसे का लग रहा था. जांच आगे बढ़ी तो शक जाहिर होने लगा. इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन के पीछे गोली फंसी मिली, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू की.
पुरानी रंजिश भी बनी हत्या की वजह
जांच कर रही पुलिस के मुताबिक, नवीन पाटीदार की हत्या उसकी पत्नी के लव अफेयर के अलावा पुरानी रंजिश के चलते भी की गई. जांच में सामने आया कि नवीन पाटीदार की पत्नी भारती का राहुल मराठा के साथ लव अफेयर था. राहुल मूलरूप से उज्जैन का रहने वाला है. राहुल और भारती ने नवीन पाटीदार की हत्या की साजिश रची. पुलिस अब तक पत्नी भारती के अलावा साजिश में शामिल मुकेश, अजय, श्रीराम बलाई को अरेस्ट किया है.
कैसे हुआ खुलासा
शक होने पर पुलिस ने आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज देखे. एक फुटेज में घटनास्थल के आसपास दो युवक बाइक पर दिखे. इनमें से एक ने मृतक की गर्दन के पीछे देसी पिस्टल से फायर किया था. इसके बाद इनकी लोकेशन उज्जैन मिली. चारों ने कबूल किया कि होमगार्ड के बेटे की हत्या के मामले में नवीन ने राहुल की मुखबरी कर गिरफ्तार करवा दिया था. इसके बाद राहुल इसका बदला लेना चाह रहा था. डीसीपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि पत्नी भारती ने प्रेमी राहुल के साथ मिलकर 15 दिन पहले नवीन को मारने की योजना बनाई थी.