Katni Road Accident: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है. कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर बारातियों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. इस दुर्घटना में करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिस सफर की शुरुआत शहनाइयों की गूंज और हंसी-मजाक के साथ हुई थी, वह अचानक अस्पताल की दहलीज तक पहुंच गया.
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन काफी तेज गति में था. रीठी रोड पर अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप सड़क पर ही दो-तीन बार पलट गया. वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. सड़क पर चारों ओर खून और बिखरा हुआ सामान नज़र आने लगे. ये हादसा रीठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटनी–दमोह मुख्य मार्ग पर हुआ. उस समय वाहन में लगभग 35 लोग सवार थे.
स्थानीय लोगों से मिली मदद
इस हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर ने पुलिस को सूचना दी. और इनका इंतजार किए बिना तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. दबे हुए लोगों को वाहन से बाहर निकाला गया और निजी वाहनों व एंबुलेंस की मदद से घायलों को रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. स्थानीय लोगों की मुस्तैदी ने घायलों को समय पर चिकित्सा उपलब्ध कराने में बड़ी भूमिका निभाई. इस घटना में 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, इनकी हालत नाजुक बनाई जा रही है.
पुलिस ने कर रही मामले की जांच
रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय कटनी रेफर कर दिया.फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
यह हादसा एक बार फिर ओवरलोडिंग और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गंभीर समस्या को उजागर करता है. ऐसे मामलों में लापरवाही न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि लोगों की जान को भी खतरे में डालती है.
Disclaimer: The article is a part of a syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for the accuracy of the facts.