Shivpuri Tractor Accident: शिवपुरी जिले के इंदार थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर एक ऐसा हादसा हुआ जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया. बिजरौनी गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई. गनीमत यह रही कि इस भीषण दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार तीनों लोगों की जान बाल-बाल बच गई, जिसे स्थानीय लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं.
नशे की हालत में था चालक, टेंट का सामान हुआ चकनाचूर
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेम सिंह जाटव नाम का चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुरवार गांव से टेंट का सामान लादकर इंदार की ओर जा रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर की रफ्तार काफी अधिक थी. जैसे ही ट्रैक्टर बिजरौनी नदी की पुलिया से नीचे उतरा, चालक ने संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर पूरी तरह पलट गया. सड़क पर टेंट का महंगा सामान बिखर गया और काफी नुकसान हुआ है.
शराब के नशे ने दांव पर लगाई जान
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने चौंकाने वाला दावा किया है. बताया जा रहा है कि चालक प्रेम सिंह और उसके साथ सवार अन्य दो साथी शराब के नशे में धुत थे. नशे के कारण ही पुलिया की ढलान पर ट्रैक्टर बेकाबू हो गया. हालांकि, तीनों की किस्मत अच्छी थी कि वे पलटे हुए ट्रैक्टर के नीचे दबने से बच गए और उन्हें मामूली खरोंचें ही आईं.
मौके पर मची अफरा-तफरी
ट्रेक्टर पलटते ही सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी. पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि क्या सच में चालक नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.