Tarn Taran Bus Accident: पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया. मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही दो बसें नेशनल हाईवे-54 पर आपस में टकरा गईं. दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई.
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे हुई. दोनों बसों में श्रद्धालु सवार थे और वे तीर्थ यात्रा के लिए जा रहे थे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटनास्थल की ओर रुख किया और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की. इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 6 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे हैं.
#WATCH | Tarn Taran, Punjab: Four people, including three pilgrims and a woman on a motorcycle, died and 18 others were injured in a head-on collision between two pilgrimage buses while trying to save a wrong-side motorcyclist Dr Nirmal Ouseppachan, Deputy Commissioner of Tarn Taran, says, “This has been a very tragic incident. Complete assistance will be provided by the government. So far, 4 people have died. 6 who are critically injured have been sent to Amritsar Medical College. Among those who died, 3 were pilgrims, and one was a person who was on the motorcycle. Currently, 18 people are admitted. They were coming from opposite directions. A bike crossed over, and to save those coming on the bike, the driver steered to the other side.”
— ANI (@ANI) November 14, 2026
लोगों को बचाने में हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह मोटरसाइकिल सवारों को बचाने की कोशिश बताई जा रही है. बताया गया है कि एक बस के सामने अचानक मोटरसाइकिल सवार आ गए. उन्हें बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. इसके बाद बस सड़क के बीच बने डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी तरफ पहुंच गई. इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई. आमने-सामने हुई इस टक्कर में दोनों बसों के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
क्या बोले डिप्टी कमिश्नर?
तरनतारन के डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपाचन ने बताया, ‘यह एक बहुत ही दुखद घटना है. सरकार की ओर से पूरी मदद दी जाएगी. अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है. गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को अमृतसर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. मृतकों में 3 तीर्थयात्री थे और एक मोटरसाइकिल सवार था. फिलहाल 18 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. बसें विपरीत दिशाओं से आ रही थीं. तभी एक मोटरसाइकिल सामने आ गई और उसे बचाने के चक्कर में बस चालक ने गाड़ी दूसरी तरफ मोड़ दी.’