Heatwave Guidelines Issued: भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने जिलेवासियों का जीना मुहाल कर दिया है. पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार जाते ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कड़े तेवर अपनाते हुए जिले में ‘हीट वेव’ से निपटने के लिए नई गाइडलाइंस जारी कर दी हैं. अब न तो स्कूलों में बच्चों को तपती दुपहरी झेलनी पड़ेगी और न ही गोवंशों को प्यास से तड़पना होगा.
बच्चों के स्कूलों की टाइमिंग बदली
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सभी प्राइवेट स्कूलों के समय में भी बदलाव कर दिया गया है. जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि बच्चों को धूप और लू से बचाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. अब स्कूल सुबह जल्दी खुलेंगे और दोपहर की भीषण तपिश शुरू होने से पहले ही बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी.
सड़कों पर लगेंगे प्याऊ
शहर से लेकर गांवों तक राहगीरों को राहत देने के लिए जगह-जगह प्याऊ लगाने के निर्देश दिए गए हैं. खास बात यह है कि डीएम मैडम खुद मैदान में उतरकर इसकी हकीकत परखेंगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आज शाम से ही विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यह देखेंगी कि प्याऊ सुचारू रूप से चल रहे हैं या नहीं.
गौशालाओं के लिए ‘कूलिंग’ प्लान
सिर्फ इंसान ही नहीं, बेजुबान पशुओं के लिए भी प्रशासन ने कमर कस ली है. जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी गौशालाओं में हवा और पानी की बौछार की व्यवस्था हो.
- धूप से बचाने के लिए उचित शेल्टर और गीली टाट-पट्टियों का इंतजाम किया जाए.
- डीएम स्वयं गौशालाओं का दौरा कर व्यवस्थाएं चेक करेंगी.
ORS का स्टॉक फुल रखने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को हिदायत दी है कि लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों के लिए जरूरी दवाओं और जीवन रक्षक घोल (ORS) का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए. किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सभी डॉक्टरों और अधिकारियों को मुस्तैद रहने को कहा गया है.
धूप में न निकलने की अपील
डीएम ने रायबरेली की जनता से भी अपील की है कि बहुत जरूरी न हो तो दोपहर के वक्त घर से बाहर न निकलें. उन्होंने सुझाव दिया कि अपने जरूरी काम सुबह या शाम के ठंडे घंटों में ही निपटाएं और खुद को हाइड्रेटेड रखें.
Disclaimer: The article is a part of syndicated feed. Except for the headline, the content is not edited. Liability lies with the syndication partner for factual accuracy.