Jaunpur Gomti River Incident: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में प्रेम संबंध से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां गर्लफ्रेंड की एक शर्त से परेशान होकर 20 वर्षीय युवक ने गोमती नदी में छलांग लगा दी. बताया जा रहा है कि युवती ने उससे कहा था कि अगर वह हर महीने 50 हजार रुपये कमाएगा, तभी उससे शादी करेगी, वरना किसी दूसरे युवक से शादी कर लेगी. घटना के बाद से गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हैं. 18 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला है.
युवक के भाई ने शहर की एक युवती पर ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है. फिलहाल शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है.
रात 12 बजे गोमती नदी में लगाई छलांग
जानकारी के मुताबिक, जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव निवासी राहित मौर्य (45) डाकघर एजेंट हैं. उनके परिवार में पत्नी अंजू मौर्य (42), तीन बेटे सत्यम (26), शिवम (22) और सुंदरम (20) के अलावा एक बेटी काजल (19) है. सुंदरम बीए तृतीय वर्ष का छात्र था. रविवार रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था. रात करीब 12 बजे वह कोतवाली थाना क्षेत्र के शाही पुल पर पहुंचा. यहां से उसने अपने दोस्त प्रवीण मौर्य को वीडियो कॉल किया. बताया जा रहा है कि वीडियो कॉल पर सुंदरम ने दोस्त से कहा, “मैं गोमती नदी में कूदने जा रहा हूं. मेरे परिवार को बता देना.” इतना कहने के बाद उसने फोन काट दिया और नदी में छलांग लगा दी.
दोस्त से जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत शाही पुल पहुंचे. उन्होंने पुलिस को भी सूचना दी. सोमवार सुबह से ही पुलिस और गोताखोर नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं. हालांकि, 18 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका था.
पिता ने गर्लफ्रेंड पर लगाए परेशान करने के आरोप
सुंदरम के पिता राहित मौर्य ने बताया कि उनके बेटे का नैना नाम की युवती के साथ करीब एक साल से प्रेम संबंध था. पिता का आरोप है कि युवती उनके बेटे को परेशान करती थी और उस पर पैसे कमाने का दबाव बनाती थी.उन्होंने बताया कि इसी परेशानी के चलते उनके बेटे ने शाही पुल से गोमती नदी में छलांग लगा दी.
गर्लफ्रेंड कहती थी- 50 हजार कमाओ, तभी करूंगी शादी
सुंदरम के भाई शिवम मौर्य ने भी नैना नाम की युवती पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि युवती कई दिनों से उनके भाई को परेशान कर रही थी. शिवम के मुताबिक, युवती सुंदरम से कहती थी, “हर महीने 50 हजार रुपये कमाओ, तभी तुमसे शादी करूंगी.” भाई ने बताया कि सुंदरम रोज उनसे, अपने पिता और परिवार के दूसरे लोगों से काम दिलाने की गुहार लगाता था.वह अक्सर कहता था, “भैया, कहीं कोई काम हो तो मुझे लगवा दो.” परिवार का आरोप है कि सुंदरम युवती की शर्त पूरी करने के लिए लगातार नौकरी की तलाश कर रहा था.
पुलिस बोली- प्रेम प्रसंग से जुड़ा है मामला
इस मामले में सिटी सीओ सम्यक चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस को शिकायत मिली है और उसके आधार पर जांच की जा रही है.
उन्होंने बताया कि गोमती नदी में छलांग लगाने वाले युवक की तलाश गोताखोरों की मदद से कराई जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.