Dubai Gold Walkway: दुबई में आपने ऊंची इमारतें, आलीशान होटल और सोने से सजे बाजार तो देखे होंगे लेकिन अब यहां कुछ ऐसा होने जा रहा है, जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है. जल्द ही लोग ऐसी सड़क पर कदम रख सकेंगे, जहां सोने की चमक उनका स्वागत करेगी. जी हां, दुबई में 24 कैरेट गोल्ड से जुड़ा एक खास वॉकवे तैयार किया जा रहा है. इसे दुनिया का पहला और सबसे लंबा गोल्ड वॉकवे बताया जा रहा है. इस अनोखी परियोजना के जरिए दुबई एक बार फिर पर्यटन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की तैयारी में है.
दुबई में कहां दिखेगा सोने का जलवा?
इस अनोखे प्रोजेक्ट के लिए डीरा इलाके में मौजूद दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट को चुना गया है. यह इलाका सोने और आभूषणों के कारोबार का बड़ा केंद्र है. जनवरी 2026 में शुरू हुए इस डिस्ट्रिक्ट में 1,000 से अधिक दुकानदार और कारोबारी मौजूद हैं. यहां सोने के गहनों, बुलियन, कीमती रत्नों और लग्जरी घड़ियों का कारोबार होता है. अब गोल्ड वॉकवे इस बाजार को एक नया रूप देने वाला है.
कब तक पूरा होगा प्रोजेक्ट?
दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट के सीनियर डायरेक्टर रशीद अल हमूदी ने बताया कि वॉकवे को 2026 के आखिर से पहले लोगों के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि इसके उद्घाटन की निश्चित तारीख अभी घोषित नहीं हुई है. इस परियोजना को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता इस बात की है कि आखिर रास्ते में सोने का इस्तेमाल कैसे किया जाएगा. इसे 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे कहा जा रहा है.
पर्यटन-कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
दुबई इस पहल के जरिए दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करना चाहता है. साथ ही गोल्ड ट्रेडिंग के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश भी कर रहा है. डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक, 2026 की शुरुआत से नए थोक कारोबार कार्यालयों में 20 फीसदी और सोने-गहनों से जुड़ी नई दुकानों में 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
झुमकों ने भी बनाया विश्व रिकॉर्ड
दुबई में सोने को लेकर एक और खास उपलब्धि दर्ज हुई है. जॉयअलुक्का ज्वेलरी के पारंपरिक भारतीय झुमका डिजाइन वाले इयररिंग्स ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. 22 कैरेट सोने से तैयार इस जोड़ी का वजन 16.514 किलोग्राम है. इन्हें बेचने के बजाय दुबई में हमेशा के लिए प्रदर्शित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: Watch Video: मैदान पर जैसे ही गिरा तिरंगा, दौड़ते हुए आए मोहम्मद सिराज फिर किया ऐसा काम; देख खड़े हो जाएंगे रोंगटे