Noida Murder Case: उत्तर प्रदेश के नोएडा से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने बताया है कि युवक से समलैंगिक संबंध बनाने के विरोध में महिला की हत्या हुई थी. सीसीटीवी फुटेज से पहचान के बाद पुलिस ने आरोपी को टिवोली फार्म हाउस के पास से पकड़ लिया. बाद में उसे जेल भेज दिया गया.
थाना सेक्टर 113 की पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान फतेहपुर के शफीक उर्फ जावेद के रूप में हुई है. वह पेंटर है और सर्फाबाद में किराए के कमरे पर रहता है. पत्नी की मौत के बाद उसके दो बच्चों का गाजियाबाद में एक परिवार पालन पोषण करता है.
पड़ोसी युवक से हो गए थे आरोपी के समलैंगिक संबंध
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि एक साल पहले उसके पड़ोसी युवक से समलैंगिक संबंध हो गए थे. दोनों के संबंध का पता चलने पर युवक की मां विरोध करने लगी थी. वह बेटे के साथ मिलने-जुलने पर उस पर रोक-टोक करने लगी थी, लेकिन वह युवक से लगातार संपर्क बनाए रखना चाहता था.
उसने पुलिस को बताया कि इसके लिए आरोपी ने योजना बनाई कि वह अपनी मौसी की बेटी (मौसेरी बहन) की युवक की शादी करा देगा और इस बहाने दोनों आपस में आसानी से मुलाकात भी कर पाएंगे. वह बुधवार सुबह रिश्ते की बात लेकर युवक के घर पहुंचा, लेकिन महिला ने शादी कराने से साफ इनकार कर दिया.
महिला के गले, पेट और सीने में किए कई बार वार
इस बात से भड़के आरोपी शफीक ने चाकू से महिला के गले, पेट और सीने में कई बार वार कर निर्मम हत्या कर दी. दरवाजे से खून बहता देख वह घटनास्थल से भाग गया. पड़ोसियों ने हत्या की सूचना पुलिस को दी.
पुलिस ने जांच के बाद महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आसपास सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ली थी. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने समलैंगिक संबंध में हत्या की बात को छिपाने के उद्देश्य से वह महिला का फोन लेकर भाग गया था. रास्ते में ईंट से मोबाइल भी तोड़ दिया, जबकि हत्या में प्रयुक्त चाकू अपने पास रखा.
पुलिस ने चाकू और फोन किए बरामद
पुलिस ने बताया कि वह रात के अंधेरे में नाले या किसी गहरे गड्ढे में फेंकने की फिराक में था, लेकिन विभिन्न स्थानों पर पुलिस की गश्त के चलते उसे मौका नहीं मिला. फिलहाल पुलिस ने आरोपित से चाकू और फोन बरामद किए हैं. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.