Rinku Singh Fiance Priya Saroj: भारतीय बल्लेबाज रिंकू सिंह (Rinku Singh) की होने वाली पत्नी सपा सांसद प्रिया सरोज ने लोकसभा में अपना शानदार भाषण से महफिल लूट ली है. जहां एक ओर क्रिकेट के मैदान पर रिंकू सिंह का बल्ला खामोश दिखाई दे रहा है. वहीं, दूसरी ओर रिंकू सिंह को मंगेतर प्रिया सरोज संसद के मैदान पर चौके-छक्के लगा रही हैं. दरअसल, लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पर पक्ष-विपक्ष के बीच खूब बहस चल रही है. शुक्रवार (17 अप्रैल) को संसद में इसी मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज ने सरकार को घेरा. सांसद प्रिया सरोज ने सवाल किया कि अभी 543 लोकसभा सीटों के आधार पर महिला आरक्षण क्यों नहीं दिया जा रहा है. साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनावों के बीच इस बिल को पेश किए जाने की टाइमिंग को लेकर भी सरकार पर हमला बोला.
प्रिया सरोज चर्चा में आईं
यूपी के मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज (Priya Saroj) ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू किए जाने को सदन में जारी चर्चा के दौरान सरकार को सवालों के घेरों में लिया. प्रिया सरोज ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी जिम्मेदारी सिर्फ कानून बनाना नहीं, बल्कि संरक्षित करना होता है. उन्होंने कहा कि कानून के पीछे की नीतियां साफ और ईमानदार होना जरूरी है. प्रिया सरोज का कहना है कि जल्दबाजी में लिया गया फैसला गलत बन जाता है, जबकि सोच-समझकर लिए गए फैसले देश की तकदीर बदल देते हैं. प्रिया सरोज ने कहा कि वह महिला आरक्षण बिल के समर्थन में हैं और आगे भी रहेंगी. हालांकि उनका सवाल है कि क्या यह बिल सच में महिला को सशक्त करने के लिए है? क्या यह महिलाओं के नाम पर कुछ राजनीतिक उद्देश्य को पूरा करने के लिए है? सांसद प्रिया सरोज का कहना है कि अगर सरकार की यह नीति साफ होती, तो इसे पहले ही लागू किया जा चुका होता.
लोकसभा में मछलीशहर से सपा सांसद सुश्री प्रिय सरोज जी का महिला आरक्षण बिल पर संबोधन pic.twitter.com/sdXzppw4Jq
— Prajjawal Kumar Yadav 🇮🇳 (@PrajjawalkumarG) April 17, 2026
भोजपुरी में दिया जवाब
प्रिया सरोज के भाषण का समय खत्म होने के बाद मौजूद पीठासीन अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने उन्हें इशारा किया. इस पर प्रिया सरोज ने भोजपुरी में कहा कि रुका. इस पर संसद में मौजूद सदस्य मुस्कुराने लगे. उन्होंने अपना भाषण जारी रखा. इसी दौरान पीठासीन ने उन्हें फिर से टाइम खत्म होने का इशारा किया, जिस पर प्रिया सरोज ने बड़े ही सरल भाव से कहा- बोलत हईं, दू मिनट रुका. इसके बाद पीठासीन ने भी भोजपुरी में जवाब देते हुए कहा- कुल्ह बात आ गइल. हालांकि इससे पहले प्रिया सरोज ने कविता की कुछ लाइनें बोलीं- पुराने आंकड़ों से नया इतिहास नहीं लिखा जाता, सच्चाई छुपा कर लोकतंत्र चलाया नहीं जाता. प्रिया सरोज ने अपने इस भाषण से सभी का दिल जीत लिया. उनके भाषण की चारों ओर खूब चर्चा हो रही है.
क्रिकेट के मैदान पर रिंकू सिंह फ्लॉप
जहां एक ओर सांसद प्रिया सरोज अपने दमदार भाषण से खूब चर्चा में हैं. वहीं, दूसरी ओर स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह का फ्लॉप शो जारी है. रिंकू सिंह आईपीएल 2026 में लगातार निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे हैं. उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स मौजूदा सीजन में एक भी मैच नहीं जीत पाई है. रिंकू सिंह केकेआर के उप-कप्तान भी हैं, जिससे उनकी जिम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ जाती है. हालांकि अभी तक उनके बल्ले से एक भी मैच विनिंग पारी नहीं आई है. शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ भी रिंकू सिंह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए.