Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शादी का दिन उस वक्त मातम जैसे माहौल में बदल गया, जब दुल्हन बारात का इंतजार करती रही और दूल्हे की तरफ से कोई नहीं पहुंचा. हैरानी की बात ये है कि ये एक लव मैरिज थी. घर में शादी की सारी तैयारियां पूरी थीं, रिश्तेदारों और मेहमानों का जमावड़ा लगा था और खाने की दावत भी शुरू हो चुकी थी. हर किसी को इंतजार था तो बस बारात का लेकिन दोपहर बीतने के साथ ही परिवार की चिंता बढ़ने लगी. फिर ऐसी वजह सामने आई, जिसने लड़की वालों को हैरान और परेशान कर दिया. आरोप है कि स्कॉर्पियो कार की मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा बारात लेकर ही नहीं आया.
डेढ़ साल के रिश्ते का ऐसा हुआ अंत
यह मामला संभल के रायसत्ती थाना क्षेत्र के परियावली गांव का बताया जा रहा है. यहां रहने वाले रियासत की 20 वर्षीय बेटी रिसालत का रिश्ता ज्ञानपुर सिसौना गांव के राहत अली के साथ तय हुआ था. दोनों के बीच प्रेम संबंध था. लगभग डेढ़ साल पहले जब इस रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को हुई, तो उन्होंने शादी के लिए हामी भर दी. इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 को निकाह की तारीख तय की गई. घर में तैयारियां की गईं, मेहमानों को बुलाया गया और दावत का इंतजाम किया गया. दुल्हन भी सजकर बैठी थी लेकिन बारात नहीं आई. इंतजार लंबा होता गया और खुशियों की जगह बेचैनी ने ले ली.
हजारों मेहमानों ने खाया खाना
दुल्हन के भाई का आरोप है कि शादी की तैयारियों में परिवार ने लगभग 25 लाख रुपये खर्च कर दिए थे. उनके मुताबिक, 1,500 से 2,000 तक मेहमान खाना खा चुके थे लेकिन दूल्हे पक्ष से कोई नहीं पहुंचा. परिवार का दावा है कि स्कॉर्पियो या स्कॉर्पियो-एन कार की मांग पूरी नहीं होने के कारण बारात नहीं लाई गई. इस घटना से लड़की का परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों का कहना है कि जब रिश्ता पहले से तय था, तो अब वे चाहते हैं कि रिसालत की शादी उसी युवक से हो.
पुलिस तक पहुंचा मामला
रायसत्ती थाना प्रभारी सौरभ त्यागी के मुताबिक, गांव में बारात नहीं आने की सूचना मिली है. पुलिस मामले के पीछे की वजह का पता लगा रही है. फिलहाल लड़की पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: जानलेवा साबित हुआ दिल्ली मेट्रो विवाद! वरिष्ठ नागरिक सीट को लेकर थप्पड़ और धक्का-मुक्की में हुई मौत, FIR दर्ज