Shamli, Uttar Pradesh: शामली जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. कैराना निवासी कुख्यात बदमाश फुरकान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. बता दें कि फुरकान पर 1 लाख रु. का इनाम रखा गया था.
फुरकान कुख्यात मुकीम काला गिरोह का सक्रिय सदस्य था और कैराना पलायन प्रकरण का मुख्य आरोपी माना जाता था. उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर, रंगदारी सहित 20 से अधिक गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज थे.
मुखबिर से मिली सूचना
पुलिस को एक मुखबिर के जरिये ये सूचना मिली थी कि फुरकान कैराना क्षेत्र में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर ही पुलिस ने बुधवार दोपहर को कैराना क्षेत्र की घेराबंदी कर दी. फुरकान ने जैसे ही पुलिस को देखा उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. इस मुठभेड़ में फुरकान को कई जगह गोली लग गई, जिसके बाद वो गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
फुरकान पर था एक लाख रु का इनाम
फुरकान का नाम राज्य के कुख्यात आरोपियों में शामिल था और पुलिस काफी लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी. उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था. जानकारी के अनुसार वह कैराना क्षेत्र में अपनी आपराधिक गतिविधियों के लिए विशेष कुख्यात था. विशेष रूप से, कैराना से हुए पलायन के मामले में उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था. वह मुकीम काला जैसे खूंखार गैंगस्टर के गिरोह का सक्रिय सदस्य था.
20 से ज्यादा मुकदमे थे दर्ज
पुलिस के अनुसार, फुरकान के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी वसूलना और गैंगस्टर एक्ट के तहत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज थे. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई सालों से पुलिस लगातार दबिश बना रही थी, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा था. उसकी आपराधिक गतिविधियों ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था. बता दें कि मुकीम काला गैंग के सदस्य शामली के साथ ही मेरठ, मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों में भी सक्रिय हैं.