Shiva Sharma Murder Case: कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं. पुलिस पूछताछ में पता चला है कि वारदात वाले दिन आरोपी मॉडल श्रद्धा ने शिवा के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया. आरोप है कि श्रद्धा ने शिवा के कपड़े उतरवा दिए और उसके शरीर पर लिपस्टिक लगा दी. इसके बाद उसने अपनी बहन रश्मि, करीबी आमिर और चालक दानिश के सामने शिवा को नाचने के लिए मजबूर किया. चारों ने मिलकर शिवा को जमकर जलील किया था. इस मामले में पुलिस अभी तक आमिर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है.
शिवा को अपने इशारों पर नचाती थी श्रद्धा
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ करने के बाद उनका आमना-सामना कराया. पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा ने स्वीकार किया कि वह शिवा का इस्तेमाल कर रही थी. शिवा पूरी तरह उसके नियंत्रण में था. वह उससे अपने पैर तक दबवाती थी. इतना ही नहीं, श्रद्धा ने शिवा के कई वीडियो भी बना रखे थे, जिनका इस्तेमाल वह उसे दबाव में रखने के लिए करती थी.
बड़े अधिकारियों के साथ तस्वीरें दिखाकर जमाती थी धौंस
जांच में यह बात भी सामने आई है कि श्रद्धा शिवा को अपनी ऐसी कई तस्वीरें दिखाती थी, जिनमें वह कथित तौर पर बड़े अधिकारियों के साथ पार्टियों में नजर आती थी. सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा ने एक अधिकारी के माध्यम से हजरतगंज थाने में एक एफआईआर भी दर्ज करवाई थी. बताया जा रहा है कि श्रद्धा के पास कई अधिकारियों और रसूखदार लोगों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें थीं. उसने इन तस्वीरों को पेन ड्राइव में सुरक्षित रखा था. पुलिस सूत्रों का दावा है कि इन तस्वीरों का इस्तेमाल वह लोगों पर रौब जमाने और उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए करती थी.
किसान बाजार के कैफे में बनाती थी योजनाएं
पुलिस जांच में श्रद्धा की गतिविधियों को लेकर भी कई जानकारियां सामने आई हैं. बताया जा रहा है कि वह लगभग हर रात किसान बाजार स्थित एक कैफे में जाती थी. वहां अपने साथियों के साथ हुक्का पीती थी. आरोप है कि इसी कैफे में बैठकर वह लोगों को निशाना बनाने की योजनाएं तैयार करती थी. कारोबारी शिवा शर्मा की मुलाकात भी श्रद्धा से इसी कैफे में हुई थी. श्रद्धा की ज्यादातर तस्वीरें इसी कैफे की बताई जा रही हैं. उसके गिरफ्तार होने के बाद से कैफे संचालक के भी भूमिगत होने की चर्चा है. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है.
जेल में वकील से मिलने के लिए मांगा अतिरिक्त समय
वहीं, जेल में बंद श्रद्धा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेशी के दौरान अपने वकील से मुलाकात के लिए अधिक समय देने की मांग की. उसने अदालत से कहा कि उसे सप्ताह में वकील से मिलने के लिए ज्यादा समय दिया जाए. फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फरार आमिर की गिरफ्तारी के साथ ही श्रद्धा के कथित संपर्कों, तस्वीरों और पेन ड्राइव की भूमिका भी जांच के दायरे में है.
ये भी पढ़ें: 1 नवंबर से लागू होगा CNAP नियम, अनजान नंबर से कॉल आने पर दिखेगा नाम, ऐसे काम करेगी नई सर्विस