Bijnor Teacher Viral Video: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक महिला टीचर ने सड़क और नाली की समस्या से परेशान होकर ऐसा कदम उठाया कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया. दो साल से घर के सामने सड़क और नाली नहीं बनने से परेशान महिला गांव की सरकारी पानी की टंकी पर चढ़ गईं. वहां से उन्होंने वीडियो बनाकर कहा, ‘ये मेरा आखिरी वीडियो है.’ महिला की मांग है कि जब तक विधायक और बड़े अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे और सड़क-नाली बनवाने का पक्का भरोसा नहीं देंगे, वह नीचे नहीं उतरेंगी.
दो साल से सड़क पर जमा है गंदा पानी और कीचड़
मामला बिजनौर के मंडावर रोड स्थित हमीदपुर गांव का है. टंकी पर चढ़ने वाली महिला की पहचान मीनाक्षी के रूप में हुई है. वह एक निजी स्कूल में टीचर हैं. मीनाक्षी का आरोप है कि उनके घर के सामने पिछले करीब दो साल से रास्ते की हालत खराब है. सड़क पर बारिश का पानी और घरों से निकलने वाला गंदा पानी जमा रहता है. नालियां नहीं होने की वजह से पूरा रास्ता कीचड़ से भर गया है. उनका कहना है कि इस परेशानी को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. ग्राम प्रधान ने अपने घर के सामने सड़क बनवा ली और उसे ऊंचा भी करा दिया, लेकिन उनके घर के सामने रास्ते की मरम्मत नहीं कराई.
बच्चों के फिसलने से लेकर रिक्शा पलटने तक की परेशानी
मीनाक्षी के मुताबिक, इस रास्ते से गांव के दूसरे लोग भी आते-जाते हैं. सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है. बच्चे कई बार कीचड़ में फिसलकर गिर जाते हैं. यहां तक कि रिक्शा भी पलट जाते हैं. महिला का आरोप है कि उन्होंने ग्राम प्रधान और उनके बेटे से कई बार शिकायत की. वह थाने भी गईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें गालियां देकर परेशान किया जाता है.
टंकी पर चढ़कर बनाया वीडियो
बार-बार शिकायत के बाद भी रास्ता नहीं बनने से नाराज मीनाक्षी गांव की सरकारी पानी की टंकी पर चढ़ गईं. वहां से उन्होंने वीडियो बनाकर अपनी परेशानी बताई. वीडियो में उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए गांव के लोग जिम्मेदार होंगे. उन्होंने सदर विधायक सूची मौसम चौधरी और बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की. उनका कहना है कि सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, सड़क और नाली बनवाने का पक्का भरोसा चाहिए.
पुलिस और परिवार ने समझाया
महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई. शहर कोतवाल अवनीत मान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के अलावा मीनाक्षी के पति अरविंद और बच्चों ने भी उन्हें समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की. हालांकि, वह अपनी मांग पर अड़ी रहीं.
प्रधान पक्ष ने महिला के आरोपों पर क्या कहा?
दूसरी तरफ ग्राम प्रधान पक्ष ने महिला के आरोपों को लेकर अलग दलील दी है. उनका कहना है कि महिला के परिवार ने सड़क के बीच में शौचालय के गड्ढे बनवा रखे हैं. परिवार अपने घर के सामने सड़क कम चौड़ी बनवाना चाहता है. इसी वजह से निर्माण में विवाद हो रहा है. फिलहाल एक तरफ महिला सड़क और नाली नहीं बनने को लेकर प्रधान पर भेदभाव का आरोप लगा रही हैं, तो दूसरी तरफ प्रधान पक्ष निर्माण में परिवार की ओर से परेशानी की बात कह रहा है.
ये भी पढ़ें: Delhi Pollution: दिल्ली की जहरीली हवा से नहीं मिलेगी राहत? जानें राजधानी में कब होगी बारिश
डिस्क्लेमर: इंडिया न्यूज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है. वीडियो में दिखाई दे रहे दृश्य और उसमें किए जा रहे दावों की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. यह खबर सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार की गई है.